विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नमो भारत का समय सुबह पांच से व रात्रि 11 तक हो जाए; तो बात बन जाए, दैनिक यात्रियों की प्रशासन से मांग

By Pradeep Diwedi Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 30 Aug 2026 05:59 PM (IST)

दैनिक यात्रियों ने नमो भारत ट्रेन का संचालन सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक बढ़ाने की मांग की ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)

(प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. गुरुग्राम-दिल्ली के दूरदराज क्षेत्रों में नौकरी-पेशा वाले लोगों ने रखी मांग

  2. नमो भारत के दिल्ली के स्टेशनों तक पहुंचने में कई बार हो जाती है देरी

जागरण संवाददाता, मेरठ। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कारिडोर पर रोज सफर करने वाले यात्रियों ने नमो भारत ट्रेन का संचालन सुबह पांच बजे से शुरू कर रात 11 बजे तक बढ़ाने की मांग उठाई है। दिल्ली और गुरुग्राम से रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों का कहना है कि दूरदराज इलाकों से आने के कारण वे अक्सर समय से स्टेशन नहीं पहुंच पाते, जिससे रात की अंतिम ट्रेन कई बार छूट जाती है। यही नहीं, विभिन्न तरह के व्यवसाय आदि कार्य से जाने वाले लोगों ने भी सुबह पांच बजे से ट्रेन संचालित करने की मांग रखी है।

वर्तमान में ट्रेन सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक संचालित होती है। यात्री राजेश का कहना है शाम को दफ्तर से निकलने में देरी होने या किसी निजी काम से कहीं थोड़ी देर रुक जाने पर अंतिम ट्रेन भी छूट जाती है, क्योंकि उसका समय रात 10 बजे ही है। वहीं, अलंकार ने कहा कि सुबह छह बजे ट्रेन शुरू होने से पहले घर से निकलकर स्टेशन तक पहुंचने में ही उन्हें देर हो जाती है, जिससे कार्यालय पहुंचने से पहले के कुछ आवश्यक कार्य नहीं कर पाते।

जब सुविधा है तो वह कार्यालय पहुंचने से पहले घरेलू व्यवसाय का कार्य भी करना चाहते हैं। अभय ने कहा कि खासकर वे लोग जो नौकरीपेशा हैं और सुबह जल्दी निकलना या शाम को देर तक आफिस में रुकना पड़ता है, उनके लिए मौजूदा समय-सारिणी अनुकूल नहीं है। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए ट्रेन सेवा सुबह 5 बजे से शुरू कर रात 11 बजे तक की जाए, ताकि दिल्ली और गुरुग्राम जैसे दूर के इलाकों से आने-जाने वालों को राहत मिल सके।

सदर के व्यापारी बबलू ने कहा कि वह नमो भारत से सुबह दिल्ली सामान लाने के बाद दुकान खोलते हैं, इससे उन्हें दुकान खोलने में देरी हो जाती है। यदि सुबह एक घंटे पहले संचालित कर दी जाए तो दिल्ली से सामान लाने वाले व्यापारियों के लिए बड़ी सुविधा हो जाएगी। व्यापारी पहले सुबह का कार्य कर लेंगे उसके बाद अपनी दुकान खोल सकेंगे। एनसीआरटीसी के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पुनीत वत्स ने कहा कि यात्रियों की मांग को देखते हुए उच्चाधिकारियों तक पहुंचाएंगे। इसका निर्णय उच्च स्तर पर होता है।