नमो भारत की टाइमिंग में होगा बदलाव? यात्रियों ने की सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक चलाने की मांग
दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर पर नमो भारत ट्रेन के यात्रियों ने इसके संचालन का समय सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक बढ़ाने की मांग की है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
नमो भारत ट्रेन के समय विस्तार की मांग।
यात्री सुबह 5 से रात 11 बजे तक संचालन चाहते हैं।
मौजूदा समय-सारिणी से नौकरीपेशा, व्यापारी परेशान।
जागरण संवाददाता, मेरठ। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर पर रोज सफर करने वाले यात्रियों ने नमो भारत ट्रेन का संचालन सुबह 5 बजे से शुरू कर रात 11 बजे तक बढ़ाने की मांग उठाई है।
दिल्ली और गुरुग्राम से रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों का कहना है कि दूर-दराज इलाकों से आने के कारण वे अक्सर समय से स्टेशन नहीं पहुंच पाते, जिससे रात की अंतिम ट्रेन कई बार छूट जाती है। यही नहीं विभिन्न तरह के व्यवसाय आदि कार्य से जाने वाले लोगों ने भी सुबह पांच बजे से ट्रेन संचालित करने की मांग रखी है।
वर्तमान में ट्रेन सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक संचालित होती है। यात्री राजेश का कहना है शाम को दफ्तर से निकलने में देरी होने या किसी निजी काम से कहीं थोड़ी देर रुक जाने पर अंतिम ट्रेन भी छूट जाती है, क्योंकि उसका समय रात 10 बजे ही है। वहीं अलंकार ने कहा कि सुबह छह बजे ट्रेन शुरू होने से पहले घर से निकलकर स्टेशन तक पहुंचने में ही उन्हें देर हो जाती है, जिससे कार्यालय पहुंचने से पहले के कुछ आवश्यक कार्य नहीं कर पाते।
रात का समय बढ़े तो मिले राहत
जब सुविधा है तो वह कार्यालय पहुंचने से पहले घरेलू व्यवसाय का कार्य भी करना चाहते हैं। अभय ने कहा कि खासकर वे लोग जो नौकरीपेशा हैं और सुबह जल्दी निकलना या शाम को देर तक ऑफिस में रुकना पड़ता है, उनके लिए मौजूदा समय-सारिणी अनुकूल नहीं है।
यात्रियों की सुविधा को देखते हुए ट्रेन सेवा सुबह 5 बजे से शुरू कर रात 11 बजे तक की जाए, ताकि दिल्ली और गुरुग्राम जैसे दूर के इलाकों से आने-जाने वालों को राहत मिल सके।
सदर के व्यापारी बबलू ने कहा कि वह नमो भारत से सुबह दिल्ली सामान लाने के बाद दुकान खोलते हैं, इससे उन्हें दुकान खोलने में देरी हो जाती है। यदि सुबह एक घंटे पहले संचालित कर दी जाए तो दिल्ली से सामान लाने वाले व्यापारियों के लिए बड़ी सुविधा हो जाएगी।
व्यापारी पहले सुबह का कार्य कर लेंगे उसके बाद अपनी दुकान खोल सकेंगे। एनसीआरटीसी के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पुनीत वत्स ने कहा कि यात्रियों की मांग को देखते हुए उच्चाधिकारियों तक पहुंचाएंगे। इसका निर्णय उच्च स्तर पर होता है।
यह भी पढ़ें- मेरठ कमिश्नरी पर जुटी बहुजन महापंचायत, पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई के लिए दिया तीन दिन का अल्टीमेटम
