Namo Bharat-Meerut Metro के यात्री अंतिम ट्रेन के प्रस्थान से इतने मिनट पहले जरूर लें टिकट, वरना बंद हो जाएगा काउंटर
Meerut News : एम्स के डाक्टर के टिकट न मिलने के आरोप के बाद राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम ने ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
एम्स के डाक्टर के टिकट न मिलने के आरोप के बाद NCRTC ने स्पष्ट की स्थिति।
स्टेशन रिकार्ड और सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से मामले की समीक्षा की गई।
मोबाइल एप्लिकेशन से टिकट बुक कराने पर स्टेशन से करें ट्रेन उपलब्धता की जानकारी।
जागरण संवाददाता, मेरठ। नमो भारत या मेरठ मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। नमो भारत और मेरठ मेट्रो स्टेशनों पर टिकट काउंटर अंतिम ट्रेन के प्रस्थान से 7 मिनट पहले बंद हो जाएंगे यानी आपको अंतिम ट्रेन के प्रस्थान से 7 मिनट पहले ही टिकट लेना होगा।
मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से रात 9:30 बजे से 10:00 बजे के बीच टिकट बुक करने वाले यात्रियों को भी टिकट बुक करने से पहले स्टेशन कर्मचारियों से ट्रेन की उपलब्धता की जानकारी करनी हाेगी।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पुनीत वत्स ने मोदीपुरम रैपिड स्टेशन पर एम्स के डाक्टर द्वारा टिकट न मिलने को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद यह बयान दिया है।
उनका कहना है कि वीडियो में दिल्ली एम्स के न्यूरो सर्जन मोदीपुरम रैपिड स्टेशन पर सराय काले खां जाने के लिए रात में 9:55 बजे टिकट लेने पहुंचते हैं। वहां मौजूद कर्मचारी ने उन्हें टिकट नहीं दिया।
वह इसको लेकर स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगा रहे है, जबकि हकीकत यह है कि मानक संचालन प्रक्रियाओं के अनुसार, नमो भारत और मेरठ मेट्रो स्टेशनों पर टिकट काउंटर अंतिम ट्रेन के प्रस्थान से 7 मिनट पहले यानी रात में 9:54 बजे बंद कर दिया। इस तरह स्टाफ ने नियम का पालन करते हुए काउंटर बंद कर दिया।
पुनीत वत्स के अनुसार सोमवार को मोदीपुरम से सराय काले खान की ओर आखिरी ट्रेन निर्धारित समय पर रात 10:01 बजे रवाना हुई। इस मामले में स्टेशन रिकार्ड और सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से मामले की समीक्षा की गई है, जिससे सारी स्थिति स्पष्ट हुई।
उन्होंने बताया कि मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से रात 9:30 बजे से 10:00 बजे के बीच टिकट बुक करने वाले यात्रियों को एक संदेश प्रदर्शित किया जाता है जिसमें उनसे अनुरोध किया जाता है कि टिकट बुक करने से पहले स्टेशन कर्मचारियों से ट्रेन की उपलब्धता की जांच कर लें।
परिचालन समय समाप्त होने के समय यात्रियों को होने वाली असुविधा को कम करने के लिए ये प्रक्रियाएं अपनाई गई हैं। बताया कि अंतिम टिकट बुकिंग और अंतिम ट्रेन के प्रस्थान के बीच 7 मिनट का अंतराल इसलिए रखा गया है क्योंकि यह देखा गया है कि आमतौर पर यात्रियों को टिकट बुक करने, सुरक्षा जांच से गुजरने और अंत में स्टेशनों के प्लेटफॉर्म स्तर से ट्रेन में चढ़ने में इससे अधिक समय लगता है।
यह भी पढ़ें- रैपिड स्टेशन पर समय पर टिकट नहीं मिलने से एम्स के डाक्टर की Namo Bharat ट्रेन छूटी
उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया यह सुनिश्चित करने में मदद करती है कि टिकट बुक करने के बाद यात्री अंतिम ट्रेन न चूकें। इस तरह की टिकट बुकिंग और अन्य मानक संचालन प्रक्रियाओं के बारे में यात्रियों को अधिक जागरूक करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
एनसीआरटीसी यात्रियों की सहायता करने के लिए प्रतिबद्ध है और साथ ही सुरक्षित एवं समय पर ट्रेन संचालन के लिए आवश्यक परिचालन प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित कर रहा है।
