दबिश के दौरान पुलिस के सामने ही कोल्हू स्वामी का एलानिया कत्ल Meerut News
यह बेहद सनसनीखेज था पुलिस दबिश में साथ आए वादी पक्ष ने ही हत्या की वारदात को अंजाम दिया। इस मामले में दो आरोपितों को पकड़ लिया गया है।
मेरठ, जेएनएन। रविवार की दोपहर दुस्साहसिक मंजर देखकर कंपकपी छूट गई। आरोप है कि भावनपुर के मानपुर में पुलिस के सामने ही जानलेवा हमले के आरोपित कोल्हू स्वामी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस दबिश में साथ आए वादी पक्ष ने ही सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद गांव से लेकर मर्चरी तक कोहराम मच गया। जनपद की पुलिस लगाकर मामले को शांत किया। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने दो आरोपितों को पकड़ लिया।
खेतों के रास्ता भागा
रविवार को दारोगा बिजेंद्र भावनपुर पुलिस के साथ मानपुर में जानलेवा हमले के आरोपित कोल्हू स्वामी धीरू कश्यप को पकड़ने गई थी। पुलिस के साथ वादी पक्ष से विजय सिंह का परिवार भी गया था। धीरू के भाई वीर सिंह ने बताया कि पुलिस को देखते ही कोल्हू से धीरू खेतों के रास्ते भाग गया। पुलिस कोल्हू पर रुक गई और विजय सिंह के बेटे और पोतों ने धीरू का पीछा किया। भागते हुए धीरू पर गोलियां बरसा दीं। गोली धीरू की कमर के नीचे लगने से जमीन पर गिर गया। इसके बाद हमलावर मौके से भाग गए।
पत्नी के सामने दी थी हत्या की धमकी
धीरू को खून से लथपथ देखकर पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में घर पर मौजूद धीरू की पत्नी निशा को बुलाया गया। उसके बाद धीरू को मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। निशा की तरफ से दी गई तहरीर पर विजय सिंह, उसके बेटे मुकेश, राजेश एवं पोते अभिषेक और रिंकू को नामजद किया गया। विजय सिंह और मुकेश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। निशा का कहना है कि शनिवार को नल पर पानी लेने जा रही थी। तभी अभिषेक और रिंकू ने रास्ते में रोककर धीरू की हत्या करने की धमकी दी थी। धमकी के बाद से धीरू अपने कोल्हू में ही बैठ गया था।
इनका कहना है
दो आरोपितों को हिरासत में ले लिया है। बाकी आरोपितों की धरपकड़ को दबिश दी जा रही है। गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया।
- अजय साहनी, एसएसपी।