पुलिस बल से दबाया जा रहा किसानों का आंदोलन
पल्लवपुरम हाइवे स्थित नारायण फार्म हाउस में शनिवार को रालोद जिलाध्यक्ष राहुल देव ने पत्रकार वार्ता की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार दिल्ली में शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे किसानों की आवाज को पुलिस बल से दबवाने का प्रयास कर रही है यह न्यायोचित नहीं है।
मेरठ, जेएनएन। पल्लवपुरम हाइवे स्थित नारायण फार्म हाउस में शनिवार को रालोद जिलाध्यक्ष राहुल देव ने पत्रकार वार्ता की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार दिल्ली में शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे किसानों की आवाज को पुलिस बल से दबवाने का प्रयास कर रही है, यह न्यायोचित नहीं है। रालोद अपने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी के नेतृत्व में किसानों के साथ हैं। पार्टी की मांग है कि सरकार को किसानों की मांगों को स्वीकार करना चाहिए। जिलाध्यक्ष ने बताया कि आठ दिसंबर को किसान संगठनों द्वारा भारत बंद का रालोद समर्थन करता है। इस दौरान यशवीर सिंह, सुनील रोहटा और राममेहर गुर्जर भी शामिल रहे।
मासिक बैठक में सपा ने दी किसान यात्रा की जिम्मेदारी : सपा की ओर से सोमवार से किसान यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा का आयोजन जिले भर में किया जाएगा। यात्रा के आयोजन के लिए शनिवार को मासिक बैठक में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। शनिवार को जेल चुंगी स्थित जिला कार्यालय पर मासिक बैठक में जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष द्वारा दिए निर्देश को वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को पढ़कर सुनाया। साथ ही किसान यात्रा की जिम्मेदारी भी बताई। किठौर विधानसभा क्षेत्र में किसान यात्रा का नेतृत्व पूर्व कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर करेंगे। सिवालखास विधानसभा में जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह और सरधना में अतुल प्रधान, हस्तिनापुर में प्रभु दयाल वाल्मीकि, मेरठ कैंट विधानसभा में ओम प्रकाश खटीक, शहर विधानसभा में विधायक रफीक अंसारी और दक्षिण विधानसभा में आदिल चौधरी यात्रा का नेतृत्व करेंगे।
गांवों में फार्म भरवाए : दौराला मंडल के गांवों में पहुंचकर सहकारी बैंक के चेयरमैन मनिदरपाल सिंह ने भाजपाईयों के साथ नए वोटों के लिए वोटर कार्ड फार्म भरवाए। भराला गांव में नए मतदाताओं के फार्म भरवाने का कार्य किया गया। इस दौरान भाजपाई रवि बटजेवरा, कैलाश शर्मा, गौरव कुमार, रवि पूनिया, विकास शर्मा, मगनवीर सिंह, मनिन्दर विहान, गौतम सिवाच, अमित आदि थे।