शादी का झांसा देकर युवती के साथ चार साल तक दुष्कर्म करता रहा फौजी Meerut News
बुधवार को एसएसपी दफ्तर पहुंचीं एक युवती ने फौजी युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। एसपी देहात ने युवती को इस मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।
मेरठ, जेएनएन। शादी का झांसा देकर फौजी एक युवती से चार साल तक दुष्कर्म करता रहा। आरोप है कि उक्त फौजी अब कहीं और शादी करने जा रहा है। बुधवार को युवती परिजनों के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंची और कार्रवाई की गुहार लगाई। एसपी देहात अविनाश पांडेय ने उसे उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पारिवारिक कार्यक्रम में हुई थी मुलाकात
परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र निवासी युवती ने बताया कि करीब साढ़े चार साल पहले पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान उसकी मुलाकात गढ़मुक्तेश्वर निवासी युवक से हुई थी। उसने उसका मोबाइल नंबर ले लिया था। इसके बाद दोनों में बातचीत और मुलाकात होने लगी। आरोप है कि उक्त युवक ने शादी का झांसा देकर उससे दुष्कर्म किया। इसी बीच वह सेना में भर्ती हो गया। इसके बाद भी उसने कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया।
शादी ने कर दिया इन्कार
युवती ने इसकी जानकारी अपनी बड़ी बहन को दी तो उसने युवक और उसके परिवार से शादी की बात की, लेकिन उन्होंने शादी से इन्कार कर दिया। अब पता चला कि युवक की पिछले महीने सगाई हो चुकी है। दिसंबर में उसकी शादी है। युवती ने मामले में परीक्षितगढ़ थाना पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। बुधवार को वह कप्तान ऑफिस पहुंची। इस दौरान एसपी देहात अविनाश पांडेय ने उसे उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
होटल में ले जाकर किया दुष्कर्म
पीड़िता ने बताया कि आरोपित युवक उसे होटल ले जाता था। हाल ही में (पांच सितंबर और दो अक्टूबर) वह उसे गढ़ रोड स्थित एक होटल में ले गया था, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया।
शादी का झांसा देकर विधवा से दुष्कर्म
शादी का झांसा देकर एक व्यक्ति विधवा से एक साल से दुष्कर्म कर रहा था। मंगलवार को उसने शादी करने की बात की तो आरोपित ने उसकी पिटाई कर दी। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र निवासी महिला के पति की करीब डेढ़ साल पहले मौत हो गई थी। पड़ोस के ही एक व्यक्ति ने उसे शादी का झांसा दिया और उसके साथ दुष्कर्म करने लगा। मंगलवार को उसने शादी करने की बात की तो आरोपित ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। पीड़िता ने उसके खिलाफ थाने में तहरीर दे दी। बुधवार को पुलिस उसे पकड़कर थाने ले आई। महिला का आरोप है कि उस पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। वहीं, पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।