Misson 2022: मेरठ में लोकार्पण और शिलान्यास के लिए विकास कार्यों की तलाश में जुटे सरकारी विभाग
Misson 2022 मेरठ में भी मिशन 2022 के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। सरकारी विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। लोकार्पण व शिलान्यास के लिए विभागवार हो रही विकास कार्यों की तलाश। हर माह विकास कार्यों की समीक्षा शासन स्तर से होती है।
मेरठ, जागरण संवाददाता। Misson 2022 प्रदेश में विधानसभा चुनाव की आहट सरकारी विभागों में साफ नजर आने लगी है। हर विभाग को गुपचुप अपने विकास कार्यों की सूची तैयार करने के लिए निर्देशित किया है। विभागों द्वारा प्रस्तावित व निर्माणाधीन विकास कार्यों की रिपोर्ट तैयार करने के साथ योजनाओं का लाभ पात्रों को दिए जाने का ब्योरा भी तैयार कराया जा रहा है। अफसरों ने तैयारियां तेज कर दी है।
सूची तैयार करने के निर्देश
जनपद में आगामी दिनों में संभावित मंत्रियों के कार्यक्रम के दौरान इन कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण आदि किया जाएगा। साथ ही सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं का कितना लाभ पात्रों को दिया गया, इसका प्रचार-प्रसार भी होगा। ऐसे में सभी मुख्य विभागों को अपने अधिकार क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों की सूची तैयार करने के लिए कहा गया है। सूची में विशेष रूप से ऐसे विकास कार्यों का शामिल किया जा रहा है जिनका अभी तक शिलान्यास व लोकार्पण न हुआ हो। इसके अलावा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पाने वाले पात्रों की सूची भी तैयार की जा रही है।
विकास कार्यों को लेकर उलझे विभाग
पूर्व में आयोजित हुए विभिन्न कार्यक्रमों में तमाम विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास माननीयों द्वारा किया जा चुका है। साथ ही योजनाओं का बखान भी विभिन्न मंचों पर हो चुका है। अब नए कार्यों को तलाशना विभागों के लिए उलझन पैदा कर रहा है।
इनका कहना है
हर माह विकास कार्यों की समीक्षा शासन स्तर से होती है। इसलिए सूची को अपडेट किया जाता है। जनप्रतिनिधियों को भी विकास कार्यों व योजनाओं की प्रगति की रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाती है।
- शशांक चौधरी, सीडीओ, मेरठ