विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ में पूर्व सैनिक रैली की तारीख तय, कई समस्याओं का मिलेगा समाधान; रोजगार तलाशने वालों के लिए यह महत्वपूर्ण अवसर

By Amit Tiwari Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 30 Oct 2026 06:37 PM (IST)

Meerut News: मेरठ में 14 नवंबर को पश्चिम उत्तर प्रदेश सब एरिया द्वारा मेगा पूर्व सैनिक रैली का आयोजन किया ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. रैली में मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर और बिजनौर जिलों के पूर्व सैनिक, वीर नारियां और आश्रित करेंगे प्रतिभाग।

  2. सेना, बैंक और जिला सैनिक कल्याण विभाग के अधिकारी मेगा रैली में मौके पर करेंगे समस्याओं का निस्तारण।

जागरण संवाददाता, मेरठ। पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों की समस्याओं के समाधान और उन्हें विभिन्न सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से 14 नवंबर को छावनी में मेगा पूर्व सैनिक रैली का आयोजन किया जाएगा।

पश्चिम उत्तर प्रदेश सब एरिया की ओर से आयोजित यह रैली कैंट स्थित कुलवंत सिंह स्टेडियम में सुबह 11 बजे शुरू होगी। इसमें मेरठ, बागपत, मुजफ्फरनगर और बिजनौर जिलों के पूर्व सैनिक, वीर नारियां और उनके आश्रित प्रतिभाग करेंगे।

रैली का उद्देश्य एक ही स्थान पर समस्याओं का समाधान 

रैली का उद्देश्य पूर्व सैनिकों को पेंशन, बैंकिंग, चिकित्सा, कैंटीन और रोजगार से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए एक ही स्थान पर संबंधित विभागों के अधिकारियों से संपर्क का अवसर उपलब्ध कराना है। इसके लिए सेना अभिलेख कार्यालयों, पेंशन विभाग, बैंकों, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास विभाग और अन्य संबंधित संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।

प्राथमिकता से उठाया जाएगा पेंशन से जुड़ी समस्याओं को 

रैली में पूर्व सैनिकों की पेंशन संबंधी समस्याओं को प्राथमिकता से उठाया जाएगा। पीसीडीए (पेंशन), बैंक, डीपीडीओ और जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास विभाग के माध्यम से पेंशन से जुड़ी शिकायतों का निस्तारण कराने की व्यवस्था की गई है।

जिन पूर्व सैनिकों को पेंशन भुगतान, पेंशन निर्धारण अथवा अन्य संबंधित मामलों में परेशानी आ रही है, उन्हें संबंधित अधिकारियों के सामने अपनी समस्या रखने का अवसर मिलेगा। बैंकिंग से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए भी बैंक प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।

नई पेंशन व्यवस्था के तहत स्पर्श पेंशन पोर्टल पर पंजीकरण कराने और जीवन प्रमाणपत्र जमा करने में आ रही दिक्कतों के समाधान पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। रैली में पूर्व सैनिकों को पोर्टल से संबंधित जानकारी और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि पेंशन संबंधी औपचारिकताओं को पूरा करने में उन्हें परेशानी न हो।

रोजगार तलाश रहे पूर्व सैनिकों के लिए भी रैली महत्वपूर्ण 

सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद रोजगार तलाश रहे पूर्व सैनिकों के लिए भी रैली महत्वपूर्ण होगी। इसमें आरएसबी, एडब्ल्यूपीओ लखनऊ और यूपीपीएसकेएनएल के माध्यम से उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी दी जाएगी। पूर्व सैनिकों को उनकी योग्यता और अनुभव के अनुरूप संभावित रोजगार विकल्पों से अवगत कराने का प्रयास होगा।

कैंटीन और चिकित्सा सुविधाओं की मिलेगी जानकारी 

रैली में पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को मिलने वाली कैंटीन सुविधाओं के साथ चिकित्सा एवं लैब सुविधाओं से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। इन सेवाओं का लाभ लेने में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं को संबंधित प्रतिनिधियों के सामने रखा जा सकेगा।

समस्याओं पर संबंधित अधिकारियों से सीधे बातचीत कर सकेंगे पूर्व सैनिक

इसके अलावा सेना अभिलेख कार्यालयों के प्रतिनिधियों के साथ मुलाकात और चर्चा की व्यवस्था भी रहेगी। पूर्व सैनिक अपने दस्तावेजों, सेवा अभिलेखों और अन्य मामलों से जुड़ी समस्याओं पर संबंधित अधिकारियों से सीधे बातचीत कर सकेंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।