UP स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप: मेरठ के समर्थ ने डबल्स में गोल्ड और सिंगल्स में जीता सिल्वर, राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए चयन
National Badminton Championship: मेरठ के युवा शटलर समर्थ अग्रवाल ने आजमगढ़ में आयोजित उत्तर प्रदेश राज्य बैडमिंटन चैंपियनशिप में डबल्स ...और पढ़ें

समर्थ अग्रवाल
HighLights
समर्थ और अभिनव की जोड़ी ने डबल्स में मारी बाजी।
गाजियाबाद की बैडमिंटन अकादमी में ले रहे हैं प्रशिक्षण।
जागरण संवाददाता, मेरठ। आजमगढ़ में 28 अक्टूबर से एक नवंबर तक आयोजित उत्तर प्रदेश राज्य बैडमिंटन चैंपियनशिप में मेरठ के युवा शटलर समर्थ अग्रवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो पदक अपने नाम किए। समर्थ ने डबल्स मुकाबले में स्वर्ण पदक और सिंगल्स में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस उपलब्धि के साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।
प्रतियोगिता में समर्थ अग्रवाल और अभिनव की जोड़ी ने शानदार तालमेल, तेज रफ्तार और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। दोनों ने प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों को कड़ी चुनौती देते हुए डबल्स वर्ग का फाइनल मुकाबला जीतकर स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं सिंगल्स वर्ग में भी समर्थ ने बेहतरीन खेल दिखाया और फाइनल तक का सफर तय करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
समर्थ मूल रूप से मेरठ के रहने वाले हैं और फिलहाल गाजियाबाद की अश्विन बैडमिंटन अकादमी में प्रशिक्षण ले रहे हैं। वह नियमित अभ्यास के जरिए अपने खेल को लगातार बेहतर बना रहे हैं। उनकी इस सफलता में कड़ी मेहनत के साथ अकादमी के प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन भी अहम रहा है।
समर्थ के पिता आशीष कुमार अग्रवाल मेरठ में सिंघल टेलीकाम फर्म से जुड़े हैं। बेटे की इस उपलब्धि पर परिवार और परिचितों में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों ने समर्थ को बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई है। अब समर्थ की नजर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में पदक जीतकर मेरठ का नाम रोशन करने पर है।
आल इंडिया पुलिस टीम को हराकर यूपी की महिला टीम फाइनल में पहुंची
मेरठ : मध्य प्रदेश के ग्वालियर में आयोजित 36वीं सीनियर नेशनल सेपकटकरॉ चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश की महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रेगू इवेंट के फाइनल में जगह बना ली है। 30 अक्टूबर से शुरू हुई प्रतियोगिता में यूपी की महिला खिलाड़ियों ने सेमीफाइनल मुकाबले में आल इंडिया पुलिस टीम को 2-0 से पराजित किया।
टीम की इस उपलब्धि से प्रदेश के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है। अब फाइनल मुकाबले में टीम की निगाहें खिताब जीतकर उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करने पर रहेंगी। वहीं, चैंपियनशिप के टीम इवेंट में उत्तर प्रदेश की महिला टीम ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया है, जबकि पुरुष टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।