विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ-रुड़की हाईवे चौड़ीकरण के लिए करना होगा लंबा इंतजार... दरअसल, अभी तक डीपीआर ही तैयार नहीं

By Pradeep Diwedi Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 26 Nov 2026 05:30 AM (IST)

मेरठ-रुड़की हाईवे के छह-लेन चौड़ीकरण की महत्वाकांक्षी योजना में डीपीआर तैयार न होने के कारण लंबा इंतजार करना होगा। वाहन चालकों को इस हाईवे पर फर्राटा भरने के लिए अभी लगभग ढाई साल और इंतजार करना पड़ सकता है।

मेरठ-रुड़की हाईवे पर वाहन अधिक होने से वर्तमान में चार लेन के कारण गति नहीं पकड़ पाते वाहन। मुख्य लेन पर ही दोपहिया व तिपहिया वाहन भी दौड़ते हैं। जागरण

मेरठ-रुड़की हाईवे पर वाहन अधिक होने से वर्तमान में चार लेन के कारण गति नहीं पकड़ पाते वाहन। मुख्य लेन पर ही दोपहिया व तिपहिया वाहन भी दौड़ते हैं। जागरण

HighLights

  1. मेरठ-रुड़की हाईवे चौड़ीकरण की डीपीआर अभी अधूरी है।

  2. परियोजना में लगभग ढाई साल की देरी होने की संभावना है।

  3. 80 किमी लंबा हाईवे छह-लेन का होगा, लागत 3000 करोड़।

जागरण संवाददाता, मेरठ। पुराना एनएच-58 यानी मेरठ-रुड़की हाईवे को परतापुर तिराहे से मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा तक छह-लेन चौड़ीकरण की महत्वाकांक्षी योजना को धरातल पर उतरने में अभी लंबा वक्त लगेगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) द्वारा नियुक्त कंसल्टेंसी एजेंसी मैसर्स एफपी इंडिया प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंसी सर्विस प्राइवेट लिमिटेड अभी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को अंतिम रूप देने में जुटी है।

उम्मीद जताई जा रही है कि अगले दो महीनों के भीतर डीपीआर फाइनल कर इसे केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के निर्देश पर इस प्रोजेक्ट का ड्रोन सर्वे कराया गया था। मार्च 2026 तक डीपीआर मंत्रालय को सौंपने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन तकनीकी पहलुओं और सर्वे के चलते इसमें देरी हुई है।

विभागीय आंकलन के मुताबिक, दो महीने में यदि कैबिनेट की मुहर लग जाती है तो उसके बाद भी भूमि अधिग्रहण और टेंडर आवंटन की प्रक्रिया में करीब एक साल का समय लग सकता है। इसके बाद निर्माण पूरा करने के लिए कम से कम डेढ़ साल की समय-सीमा तय होगी। यानी वाहन चालकों को इस छह लेन हाईवे पर फर्राटा भरने के लिए अभी लगभग दो-ढाई साल का इंतजार करना पड़ सकता है।

कट होंगे बंद, एलिवेटेड रोड और अंडरपास से मिलेगी रफ्तार
लगभग 3,000 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से परतापुर तिराहे से मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहा तक करीब 80 किलोमीटर लंबे इस हिस्से को कुल 130 मीटर चौड़ा किया जाना है। वर्तमान में यह मार्ग चार-लेन है, जिस पर वीकेंड (शुक्रवार शाम से सोमवार सुबह तक) और कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार, ऋषिकेश व देहरादून जाने वाले वाहनों के भारी दबाव से भीषण जाम लगता है।

नए प्रस्ताव में पूरे हाईवे को सिग्नल और कट-मुक्त बनाया जाना है। इसके लिए प्रमुख स्थानों पर एलिवेटेड रोड, फ्लाईओवर व अंडरपास बनेंगे। हालांकि किस स्थान पर क्या बनेगा, इसकी जानकारी डीपीआर स्वीकृत होने के बाद ही हो सकेगी, फिर भी शुरुआती सर्वे में जो बात सामने आई थी उसके अनुसार लगभग 20 नए अंडरपास बनाए जाएंगे। इसके साथ ही, कंकरखेड़ा के खिर्वा कट, पल्हैड़ा, दौराला के दादरी और घाट मोड़ व भोला रोड कट जैसे व्यस्त और दुर्घटना संभावित बिंदुओं पर ट्रैफिक के दबाव को देखते हुए नए फ्लाईओवर बनाए जाएंगे और पुराने फ्लाईओवरों को चौड़ा कर डबल किया जाएगा। स्थानीय यातायात को मुख्य हाईवे से अलग रखने के लिए अधिकांश हिस्से में दोनों ओर समानांतर सर्विस रोड का निर्माण भी किया जाएगा।

एनएचएआइ बोला, संशोधनों से गुजर रही है डीपीआर
एनएचएआइ के मेरठ परियोजना कार्यालय के परियोजना निदेशक साकेत मिश्रा ने बताया कि डीपीआर निश्चित समय पर तैयार करके मुख्यालय को भेज दी गई थी। उसके बाद विभिन्न चरणों पर कुछ संशोधन बताए गए जिसके बाद फिर से भेजा गया। कुछ कार्यों को स्वीकृति मिल गई है और कुछ संशोधन अभी भी जारी है। अब जल्द ही अंतिम रिपोर्ट तैयार हो जाएगी। उन्होंने बताया कि दो महीने में डीपीआर को केंद्रीय कैबिनेट की स्वीकृति के लिए भेज दिया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।