विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ-रुड़की हाईवे पर हाथों से खींचकर जनरेटर ले जा रहे थे युवक, कार चालक ने कुचल डाला... एक की मौके पर ही मौत

By Sanjeev Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 22 Nov 2026 02:57 PM (IST)

मेरठ-रुड़की हाईवे पर नशे में धुत कार चालक ने जनरेटर खींचकर ले जा रहे दो युवकों को कुचल दिया, जिसमें एक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर उसकी कार जब्त कर ली है।

(प्रतीकात्मक फोटो)

(प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. मेरठ-रुड़की हाईवे पर कार ने जनरेटर खींचते युवकों को कुचला।

  2. हादसे में एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल।

  3. नशे में धुत कार चालक हुआ गिरफ्तार, पुलिस ने कार जब्त की।

जागरण संवाददाता, मोदीपुरम (मेरठ)। मेरठ-रुड़की हाईवे पर डाबका कट और योगीपुरम के बीच शनिवार देररात भीषण सड़क हादसा हो गया। नशे में धुत कार चालक ने सामने जनरेटर हाथों से खींचकर ले जा रहे दो युवकों को कुचल दिया। दोनों घायलों को पुलिस ने सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया, जहां एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने आरोपित कार चालक को गिरफ्तार कर उसकी कार कब्जे में ले ली है। पुलिस ने शव मर्चरी पहुंचा दिया।

कंकरखेड़ा थाना की योगीपुरम चौकी प्रभारी मनोज शर्मा ने बताया कि सिंधावली गांव निवासी 37 वर्षीय शौकीन पुत्र यामीन और राहत अली पुत्र वकील शादी पार्टियों में जनरेटर लगाने का काम करते हैं। रविवार रात को भी डाबका के पास शादी समारोह में जनरेटर लेकर गए थे। आधीरात के बाद समारोह संपन्न होने पर वह पहिए लगे जनरेटर को पैदल ही खींचकर रोहटा रोड बाइपास की तरफ जा रहे थे। डाबका और योगीपुरम के बीच हाईवे पर पहुंचे, तभी बागपत बाइपास फ्लाईओवर की तरफ जा रही तेज रफ्तार कार की टक्कर दोनों युवकों से हो गई।

हादसे में दोनों युवक दूर गिरकर चोटिल हुए, वहीं जनरेटर भी क्षतिग्रस्त हो गया। हाईवे पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जनरेटर और कार को वहां से हटाकर जाम खुलवाया। घायलों को सुभारती अस्पताल पहुंचाया, जहां शोकी की मौत हो गई, जबकि राहत अली गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जो नशे में धुत था। आरोपित चालक की पहचान सारंग त्यागी पुत्र राजीव त्यागी निवासी बागपत रोड ऋषिनगर टीपीनगर के रूप में हुई। चौकी प्रभारी ने बताया कि शव मर्चरी पहुंचा दिया है। पीड़ित परिवार की तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।