मेरठ से नोएडा के बीच शुई हुई AC डबल डेकर बस सेवा, देखें रूट और कितना लगेगा किराया
मेरठ और नोएडा के बीच एसी डबल डेकर बस सेवा शुरू हो गई है, जिससे यात्रियों को वातानुकूलित यात्रा का अनुभव मिलेगा।

भैंसाली बस अड्डे पर पहुंची डबल डेकर इलेक्ट्रिक-बस
HighLights
मेरठ-नोएडा के बीच एसी डबल डेकर बस सेवा शुरू।
प्रत्येक सीट पर मोबाइल चार्जिंग पॉइंट की सुविधा उपलब्ध।
नोएडा से मोदीपुरम तक का किराया 124 रुपये निर्धारित।
जागरण संवाददाता, मेरठ। अब मेरठ के लोगों को डबल डेकर बस में यात्रा करने के लिए मुंबई या दिल्ली जाने की जरूरत नहीं है, यह बस सेवा मेरठ-नोएडा रूट पर भी आरंभ हो गई है और वह भी पूरी तरह वातानुकूलित।
बस में प्रत्येक सीट पर मोबाइल फोन चार्जिंग प्वाइंट भी दिए गए हैं। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने इस रूट पर दो डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसें संचालित की हैं। फिलहाल इनका ट्रायल चल रहा है। बैट्री की क्षमता के अनुसार बसों के फेरे बढ़ाए जा सकते हैं।
इन दोनों बसों का संचालन नोएडा के सिटी सेंटर मोरना बस इलेक्ट्रिक डिपो से कराया जा रहा है। पहली बस सुबह छह बजे सिटी सेंटर से मेरठ के लिए रवाना होती है। इन बसों को डीएमई से होते हुए गाजियाबाद के सिद्धार्थ विहार, दुहाई, मोदीनगर होते हुए मेरठ में परतापुर, रिठानी, शॉप्रिक्स मॉल के सामने से भैंसाली बस अड्डा और फिर बेगमपुल से होते हुए मोदीपुरम तक चलाया जा रहा है। इसके बाद दूसरी बस सिटी सेंटर नोएडा से मोदीनगर के लिए चलाई जा रही है।
इतना लगेगा किराया
नोएडा के सिटी सेंटर मोरना बस डिपो के वरिष्ठ केंद्र प्रभारी राजेश कुमार त्यागी ने बताया कि बस वातानुकूलित है। इसमें ऊपर और नीचे 65 सीटों की व्यवस्था है और प्रत्येक सीट पर मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट दिए गए हैं।
सिटी सेंटर नोएडा से मोदीपुरम मेरठ तक कुल 78 किलोमीटर की दूरी का किराया 124 रुपये निर्धारित किया गया है। उधर, भैंसाली डिपो की प्रभारी रुकमेश ने बताया कि डबल डेकर बस सोमवार से आरंभ हुई और अड्डे पर पहुंची, तो लोगों के आकर्षण का केंद्र रही।
