विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नौकरी की कतार से निकल दूसरों को रोजगार बांट रहे युवा... आयुष बना रहा पराली से कपड़ा तो सिल्की आयुर्वेदिक तेल

By Amit Tiwari Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 29 Nov 2026 02:48 PM (IST)

मेरठ के युवा नौकरी ढूंढने के बजाय उद्यमी बनकर दूसरों को रोजगार दे रहे हैं। वे पराली से कपड़ा, आयुर्वेदिक तेल और स्मार्ट सेफ्टी शू जैसे नवाचारी उत्पाद विकसित कर रहे हैं, जिससे रोजगार सृजन हो रहा है।

(प्रतीकात्मक फोटो)

(प्रतीकात्मक फोटो) 

HighLights

  1. आयुष सिंह पराली से एंटी-बैक्टीरियल कपड़ा बना रहे हैं।

  2. सिल्की ने पेटेंटेड आयुर्वेदिक निवारक तेल 'सक्रियम' बनाया।

  3. विभू शर्मा ने आपातकाल के लिए स्मार्ट सेफ्टी शू बनाया।

जागरण संवाददाता, मेरठ। डिग्री हाथ में आते ही नौकरी की तलाश का चलन अब बदल रहा है। नई पीढ़ी अपनी पढ़ाई, तकनीकी कौशल और नए विचारों को कारोबार में बदलकर रोजगार देने की तैयारी कर रही है। कोई खेतों में बेकार समझी जाने वाली पराली से कपड़ा तैयार कर रहा है तो कोई कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन कर बाजार में अपनी जगह बना रहा है। नौकरी करते हुए भी युवा अपने नवाचार को उद्योग का रूप देने में जुटे हैं। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में शनिवार को आयोजित पश्चिमांचल यूपी स्टार्टअप एवं इनोवेशन संवाद में ऐसे ही कई युवाओं की कहानियां सामने आईं।

कचरे से खड़ा किया 30 लाख का कारोबार
मेरठ के मयूर विहार निवासी आयुष सिंह ने एमबीए की पढ़ाई के दौरान नौकरी के बजाय उद्यमिता चुनी। उन्होंने पराली और भांग के अपशिष्ट से फाइबर निकालकर एंटी बैक्टीरियल कपड़ा बनाने का प्रयोग शुरू किया। यूपी प्रोटोटाइप स्टार्टअप योजना से मिले पांच लाख रुपये के फंड ने उनके प्रयासों को गति दी। उनकी कंपनी भारत हेल्प एग्रो प्राइवेट लिमिटेड का सालाना टर्नओवर 30 लाख रुपये से अधिक है। करीब 540 किसान परिवार अपशिष्ट उपलब्ध कराने से जुड़े हैं, जबकि 60 लोग नियमित काम कर रहे हैं। उनके उत्पाद यूरोप और दक्षिण कोरिया तक पहुंच रहे हैं। इन कपड़ों की सफाई में सामान्य कपड़ों के मुकाबले करीब 10 गुना कम पानी खर्च होता है।

पढ़ाई के साथ खड़ा किया एग्रो स्टार्टअप
वैभव अग्निहोत्री और समीर पाल ने बीएससी की पढ़ाई के दौरान ही केवीके एग्रो ग्रुप की शुरुआत की। कानपुर विश्वविद्यालय से बीएससी के बाद दोनों एमबीए कर रहे हैं। उनका स्टार्टअप मोरिंगा, टमाटर और प्याज के पाउडर तैयार कर कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन कर रहा है। दोनों का लक्ष्य पढ़ाई पूरी होने तक कारोबार स्थापित करना और नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने वाला उद्यमी बनना है। इनका उत्पाद उन लोगों के लिए सहायक है जिनके पास सब्जी काटने व अन्य प्रक्रिया के लिए समय कम होता है। खाद्य पदार्थों में तड़का देने के भी काम आता है। वे सीधे किसानों से सब्जियां लेकर उसका पाउडर बनाते हैं।

स्टार्टअप के उत्पाद को मिला पेटेंट
देहरादून की सिल्की ने भी नौकरी के शुरुआती दौर में उद्यमिता की राह चुनी। 10 वर्ष तक फार्मा कंपनी में काम करते हुए उन्होंने आयुर्वेदिक निवारक तेल ‘सक्रियम’ विकसित किया, जिसे पेटेंट भी मिल चुका है। उनका प्रयास नौकरी के साथ अपने नवाचार को व्यावसायिक पहचान दिलाने की मिसाल है। इनका तेल सिरदर्द के साथ त्वचा जलने पर औषधि के रूप में काम आता है। जर्मनी से इंटरनेशनल पेटेंट मिला है।

जूते से मिलेगी खतरे की सूचना, इमरजेंसी में भेजेगा अलर्ट
महिलाओं और आमजन की सुरक्षा के मद्देनजर सर छोटूराम इंस्टीट्यूट के विद्यार्थी विभू शर्मा ने अनूठा स्मार्ट सेफ्टी शू तैयार किया है। इस स्मार्ट जूते की खासियत यह है कि आपातकाल में इसे टच करते ही रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एसएमएस और आटोमेटिक काल के जरिये अलर्ट पहुंच जाएगा। इस प्रोजेक्ट में टच ट्रिगर, जीएसएम अलर्ट और आटोमेटिक कालिंग जैसी सुविधाएं प्रोटोटाइप में हैं। जीपीएस के जरिये लोकेशन साझा करने और पेपर स्प्रे आधारित आत्मरक्षा प्रणाली को भी शामिल किया है। प्रोजेक्ट का उद्देश्य ऐसी स्थिति में महिला को तत्काल मदद उपलब्ध कराने का रास्ता बनाना है, जब वह स्वयं फोन से किसी को सूचना देने में सक्षम न हो। प्रोजेक्ट में उनके साथ पंकज कुमार भी जुड़े हैं।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।