विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

82 हजार में बैंड, डीजे व घोड़ी-बग्घी बुक की, 40 हजार एडवांस ले लिए... लेकिन बाजा बजाने नहीं पहुंची बैंड पार्टी

By Lokesh Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 26 Nov 2026 05:20 AM (IST)

मीनाक्षीपुरम निवासी निशांत सागर ने मेरठ के रवि बैंड संचालक रितिक ठाकुर पर शादी के लिए बैंड बुक करके 40 हजार रुपये एडवांस लेने के बावजूद मौके पर न पहुंचने का आरोप लगाया है। 

(प्रतीकात्मक फोटो)

(प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. शादी के लिए बैंड पार्टी ने 40 हजार एडवांस लिए।

  2. बुकिंग के बावजूद बैंड पार्टी शादी में नहीं पहुंची।

  3. बैंड संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई।

जागरण संवाददाता, मेरठ। बेगमबाग स्थित रवि बैंड के संचालक ने मीनाक्षीपुरम में युवक की शादी के लिए बैंड बुक किया। 40 हजार रुपये अग्रिम ले लिए। शादी के दिन युवक के स्वजन बैंड का इंतजार करते रहे, लेकिन वह नहीं पहुंचा। बैंड संचालक के घर व कार्यालय जाने पर उसके स्वजन ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। पीड़ितों से बदसलूकी की। थाना लालकुर्ती पर आरोपित बैंड संचालक, उसकी बहन व मौसी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपित बैंड संचालक फरार हो गया है।

मीनाक्षीपुरम निवासी निशांत सागर ने बताया कि उसके भाई प्रशांत सागर का विवाह 21 नवंबर को तय था। इसी दिन शाम पांच बजे घुड़चडी व हापुड़ में बरात जानी थी। उन्होंने शादी के लिए बेगमबाग स्थित रवि बैंड के संचालक रितिक ठाकुर से 8 सितंबर को 82 हजार रुपये में बैंड, डीजे, घोड़ी बग्गी व लाइट बुक की। आनलाइन उसे 40 हजार रुपया अग्रिम धनराशि के रूप में दिया। 23 अक्टूबर को रितिक ने उन्हें बुकिंग व अग्रिम राशि की रसीद दी।

आरोप है कि विवाह के दिन उन्होंने रितिक को बैंड भेजने को फोन किया तो उसने फोन नहीं उठाया। काफी प्रयास के बाद भी जब बातचीत नहीं हुई तो वह उसके घर पहुंचे। यहां उनकी बहन व मौसी ने कहा कि समय पर बैंड व अन्य सामान पहुंच जाएगा। शादी के दिन रात में घुड़चढी के दौरान बैंड नहीं पहुंचा। इससे सभी परेशान हो गए। इस दिन शादी ज्यादा होने पर अन्य बैंड भी नहीं मिला। किसी तरह उन्होंने शादी की रस्म अदा की।

निशांत ने बताया कि रितिक चार-पांच लोगों के साथ ऐसा कर चुका है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर रितिक की तलाश की तो वह स्वजन संग फरार हो गया। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।