मेरठ का पारा फिर गिरा, हवा खराब... 15 से दिन का तापमान भी गिरने के आसार
मेरठ में रात का तापमान गिरकर 14.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है, जबकि वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 270 दर्ज ...और पढ़ें

मेरठ में मालरोड पर गुरुवार की सुबह छाई धुंध। जागरण
HighLights
मेरठ में रात का तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा।
शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 270 दर्ज किया।
15 नवंबर से दिन के तापमान में भी गिरावट की उम्मीद।
जागरण संवाददाता, मेरठ। मेरठ में ठंड अब रात के समय अपना असर दिखाने लगी है। मंगलवार की रात तापमान और गिरकर 14.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं, प्रदूषण से भी राहत नहीं मिल रही है। बुधवार को मेरठ का वायु गुणवत्ता सूचकांक 270 दर्ज किया गया, जबकि मंगलवार को यह 262 था। अधिकतम तापमान पिछले सात दिनों से 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है।
बुधवार को भी दिन का तापमान 30.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। गुरुवार से शुक्रवार के बीच पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊपरी भागों में बर्फबारी और बारिश की संभावना बन रही है। हालांकि मेरठ और आसपास के जनपदों में बरसात की संभावना कम है, लेकिन आसमान में बादल छाए रहने की उम्मीद है। 15 नवंबर से रात के साथ-साथ दिन के तापमान में भी गिरावट आने की आसार है।
सुबह और शाम के समय प्रदूषण का असर अधिक दिखाई दे रहा है। वातावरण में स्माग की चादर छाई रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रात के समय तापमान में गिरावट आने से ठंड भी बढ़ने लगी है। सुबह के समय ठंड के साथ धुंध और स्मॉग का असर दिखाई दे रहा है और शाम ढलने के बाद भी प्रदूषण का स्तर बढ़ जाता है। मौसम में बदलाव और हवा की गति धीमी रहने के कारण प्रदूषित कण वातावरण में ही बने हुए हैं।
मंगलवार की रात आर्द्रता का प्रतिशत 92 दर्ज किया गया। नमी की मात्रा अधिक होने और हवा की गति कम होने से प्रदूषक कण नमी से चिपककर निचले वायुमंडल में ही टिके हुए हैं। यही कारण है कि रात के समय हल्का कोहरा या स्माग नजर आ रहा है।