विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ में अक्टूबर 1968 के अधिकतम तापमान का रिकाॅर्ड इस माह टूटने की संभावना, इसके साथ-साथ हल्की बरसात के भी आसार

By Om Bajpai Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Mon, 05 Oct 2026 06:50 PM (IST)

Meerut weather: मेरठ में मानसून सीजन में रिकॉर्ड बारिश के बाद अब अक्टूबर में भी रिकॉर्ड गर्मी पड़ने की संभावना है, जहां तापमान 38-40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. मानसून में 1265 मिमी रिकॉर्ड बारिश के बाद अब गर्मी।

  2. अक्टूबर में तापमान 38-40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना।

  3. 7-10 अक्टूबर के बीच पश्चिमी विक्षोभ से हल्की बारिश संभव।

जागरण संवाददाता, मेरठ। मानसून सीजन में रिकार्ड बरसात के बाद अब अक्टूबर में गर्मी भी रिकाॅर्ड बना सकती है। चार दिन से तापमान 34 डिग्री या उससे अधिक पर बना हुआ है। सोमवार को तेज धूप निकली रही। अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

एक जून से 30 सितंबर तक 1265 मिलीमीटर बरसात रिकार्ड की गई थी। यह अब की सर्वाधिक बरसात है। इसके पहले 1994 मेंं 1235 मिलीमीटर बरसात रिकार्ड की गई थी। इतनी बरसात के बाद भी गर्मी पर अंकुश नहीं लग पाया है। अक्टूबर में तेज धूप में निकलना मुश्किल हो रहा है। एसी और कूलर दिन में आवश्यक हो गए हैं। रात में जरूर कुछ राहत है।

अक्टूबर में सामान्य अधिकतम तापमान 32.2 और न्यूनतम 17.5 डिग्री सेल्सियस है। वर्तमान में यह यह 35 डिग्री के आसपास बना हुआ है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विज्ञानियों का मानना है कि इस बार अधिकतम तापमान 38-40 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है। जबकि अक्टूबर में मेरठ का सार्वकालिक रिकार्ड 38 डिग्री सेल्सियस है। एक अक्टूबर 1968 को यह तापमान दर्ज किया गया था।

सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय के मौसम केंद्र के प्रभारी डा. यूपी शाही ने बताया कि इस सप्ताह कभी मेरठ और एनसीआर से मानसून की वापसी घोषणा हो सकती है। वातावरण में नमी की मात्रा धीरे धीरे कम हो रही है। राजस्थान से आने वाली शुष्क हवाएं अब और प्रभावी होंगी। आगामी दिनों में प्रभावी पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय नहीं होने से तापमान बढ़ने की संभावना है। 

हल्की बरसात हो सकती है

मानसून की विदायी का मतलब यह नहीं है कि अब बरसात नहीं होगी। अपितु अब पश्चिम विक्षोभ बरसात का कारण बनेगा। छह से 10 अक्टूबर के बीच एक बाद एक दो पश्चिम विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। इससे सात से 10 के बीच बरसात देखने को मिल सकती है।