Meerut Weather Forecast: मेरठ और आसपास कोहरे का डेरा, पारा गिरने से और बढ़ी ठंड
Meerut Weather मेरठ में शुक्रवार को सुबह की शुरुआत कोहरे के साथ ही हुई। अभी कोहरे के और छाए रहने उम्मीद है। गुरुवार को दिनभर बारिश का मौसम ही बना रहा। गुरुवार को न्यूनतम पारा 8 डिग्री और अधिकतम पारा 22 डिग्री तक रहने की संभावना है।
मेरठ, जेएनएन। Meerut Weather Forecast मेरठ में शुक्रवार को सुबह की शुरुआत कोहरे के साथ ही हुई। अभी कोहरे के और छाए रहने उम्मीद है। गुरुवार को दिनभर बारिश का मौसम ही बना रहा। गुरुवार को न्यूनतम पारा 8 डिग्री और अधिकतम पारा 22 डिग्री तक रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शीत लहर के अभी और जारी रहने की संभावना है। मेरठ ही नहीं आसपास के जिलों में भी शुक्रवार को सुबह से घना कोहरा नजर आया। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। बूंदाबांदी होने के भी आसार हैं।
दिन में बादलों ने, रात में कोहरे ने घेरा
गुरुवार को दिनभर सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। सुबह से शाम तक आसमान पर बादलों की घेराबंदी रही, वहीं रात के समय पूरा शहर कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया। दृश्यता 25 मीटर के आसपास ही रही। ऐसे में सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई। बेहद धीमी गति से वाहन रेंगते नजर आए। इस प्रतिकूल परिस्थिति के बीच दिल्ली रोड पर बंद स्ट्रीट लाइटों ने कोढ़ में खाज का काम किया। सुबह से शाम तक बादल छाने की वजह से दिन के तापमान में थोड़ी कमी रही लेकिन शाम को एक बार फिर गलन पैदा हो गई।
फिर बूंदाबांदी होने के आसार
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि अगले दो दिन में हल्की बूंदाबांदी होने के आसार हैं। तापमान में गिरावट होगी। वहीं, 10 जनवरी तक सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान के मौसम विज्ञानी एन. सुभाष ने बताया कि गुरुवार को अधिकतम तापमान 17.7 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम 13 डिग्री रहा। अधिकतम सामान्य से पांच कम व न्यूनतम सात डिग्री अधिक रहा। कृषि विश्वविद्यालय मोदीपुरम के मौसम विज्ञानी डा. यूपी शाही के अनुसार, मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। अगले कुछ दिनों में तापमान में छह डिग्री तक की गिरावट हो सकती है। 11 से 13 जनवरी के बीच शीतलहर का प्रकोप बढ़ेगा।