Meerut Weather Forecast: मेरठ और आसपास कोहरे के बीच दिन की शुरुआत, तापमान में आ रही गिरावट
Meerut Weather मौसम विभाग ने 19 नवंबर को तेज कोहरा पड़ने की संभावना जताई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिम विक्षोभ के चलते मेरठ और आसपास के क्षेत्रों में मौसम में बदलाव आएगा। ठंड के अभी और बढ़ने की संभावना है।
मेरठ, जेएनएन। Meerut Weather Forecast मंगलवार की तरह ही बुधवार को सुबह की शुरुआत ठंड के साथ हुई। मेरठ और आसपास के क्षेत्रों में कुछ जगहों पर कोहरा भी देखा गया। क्षेत्र में ठंड लगातार बढ़ रही है। दो दिन पूर्व हुई बारिश के बाद मौसम में परिवर्तन हो रहा है। मानसून सीजन के बाद पश्चिम विक्षोभ के चलते रविवार को पहली बारिश मेरठ में हुई। रिमझिम बारिश के तुरंत बाद ही पारा लुढ़क गया था, दीपावली के दूसरे दिन बादलों की गरज के साथ हुई बारिश से प्रदूषण भी कुछ हद तक कम हो गया। मौसम विभाग ने 19 नवंबर को कोहरा पडऩे की संभावना जताई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिम विक्षोभ के चलते पंजाब और हरियाणा के पास एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित हुआ है जिसके कारण शाम चार बजे के बाद आसमान में बादल छा गए। पांच बजे के बाद बारिश हुई।
प्रकृति भी साफ सुथरी नजर आई
लगभग ढाई माह बाद हुई बारिश से प्रकृति भी साफ सुथरी नजर आई। पत्तियों जमी पर कालिमा धुल गई। पटाखों से हुआ प्रदूषण छंट गया। इसके पहले 28 अगस्त को ठीकठाक बारिश हुई थी। सितंबर और अक्टूबर बारिश के लिहाज शून्य रहे हैं। प्रदूषण से राहत फिलहाल स्थाई नहीं है आगामी दिनों प्रदूषण और बढ़ेगा चूंकि रात का तापमान गिरने से कोहरे और धुंध का फार्मेशन होगा। जिससे प्रदूषण बढ़ेगा। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय के मौसम केंद्र के प्रभारी डा. यूपी शाही ने बताया कि प्रदूषण दो कारणों से कम होता है पहला बारिश दूसरी तेज हवा। तेज हवा अगले 48 घंटों में चलने की उम्मीद नहीं है और बारिश की गतिविधि अब थम जाएंगी।
बारिश और बर्फ बारी की घटनाएं
पश्चिम विक्षोभ के चलते पर्वतीय इलाकों में बारिश और बर्फ बारी की घटनाएं हुई हैं। इस मौसमीय घटना के प्रभाव से तापमान में तेजी से गिरावट होगी। अभी तक जिन लोगों ने गर्म कपड़े नहीं निकाले उन्होंने भी रविवार की शाम बारिश के बाद रजाई आदि निकाल ली। रविवार को अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री था। यह सामान्य से दो डिग्री कम था। आगमी दिनों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के नीचे और अधिकतम तापमान 24 डिग्री तक पहुंचने के आसार हैं।