विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ में बढ़ गए 30 हजार मतदाता, हंगामा हुआ तो लगाए गए थे शिविर

By Anuj Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sat, 31 Oct 2026 05:50 AM (IST)

मेरठ में विशेष पुनरीक्षण अभियान के बाद मतदाता सूची में 30 हजार मतदाताओं की वृद्धि दर्ज की गई है। चुनाव ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)

(प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. मेरठ में विशेष शिविरों से मेरठ में 30 हजार मतदाता बढ़े।

  2. एसआइआर में घटे मतदाताओं के बाद आयोग का आदेश।

  3. मेरठ दक्षिण विधानसभा में सर्वाधिक 9 हजार मतदाता जुड़े।

जागरण संवाददाता, मेरठ। एसआइआर में उत्तर प्रदेश समेत अन्य सभी प्रदेशों में बड़ी संख्या में मतदाता कम हो गए थे।जिसे विपक्षी दल मुद्दा बनाकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त पर भी आरोप लगाकार उनका इस्तीफा मांगा जा रहा है। स्थिति को संभालने के लिए चुनाव आयोग ने विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाने का आदेश दिया है।

यह चल रहा है।जिसमें छूटे पात्र मतदाताओं और नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं।इसी बीच आयोग के आदेश पर 17 और 24 अक्टूबर को दो विशेष शिविर भी पोलिंग बूथों पर आयोजित किए गए। जिनका आश्चर्यजनक परिणाम सामने आया है। दो विशेष शिविरों में जनपद की मतदाता संख्या 30 हजार बढ़ गई है। जिससे अधिकारियों से लेकर बीएलओ तक उत्साहित हैं।

एसआइआर से पहले मेरठ जनपद की सात विधानसभा क्षेत्रों में कुल 26.99 लाख मतदाता थे।एसआइआर हुआ तो यह मतदाता संख्या 5.06 लाख कम होकर 21.93 लाख रह गई। हाल ही में लगातार दो शनिवार 17 औ 24 अक्टूबर को पोलिंग बूथों पर विशेष शिविरों का आयोजन कराया गया। जिसमें बीएलओ मतदाता सूची और आवेदन फार्मों के साथ मौजूद रहे। दोनों विशेष शिविर में बड़ी संख्या में ऐसे मतदाता बूथों पर आवेदन करने पहुंचे जिनके नाम एसआइआर में मतदाता सूची से हटा दिए गए थे तथा सभी साक्ष्य प्रस्तुत करने और सुनवाई के बाद भी उनके नाम को नहीं जोड़ा गया था। दो दिन के विशेष शिविर में ही जनपद की मतदाता संख्या में 30 हजार की वृद्धि हो गई है। 29 अक्टूबर को जनपद की मतदाता संख्या 22.23 लाख तक पहुंच गई। जिससे अधिकारी उत्साहित हैं।

मेरठ दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 9 हजार मतदाता बढ़े
जनपद की सात विधानसभा क्षेत्रों में सभी में मतदाताओं की संख्या बढ़ी लेकिन सर्वाधिक मतदाता संख्या 9 हजार दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में बढ़ी। सिवालखास में दो हजार, सरधना में 3 हजार, हस्तिनापुर में 2 हजार, किठौर में 4 हजार, कैंट में चार हजार तथा शहर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता संख्या में 4 हजार का इजाफा हुआ है।

विशेष शिविर भी आयोजित किए जा रहे

आयोग के निर्देश पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के साथ साथ विशेष शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं।इनमें मतदाता उत्साह भी दिखा रहे हैं। प्रत्येक पात्र मतदाता को मतदाता सूची में शामिल कराया जाएगा।
विजय वर्धन तोमर, एडीएम प्रशासन और उप जिला निर्वाचन अधिकारी

...और यह भी
26.99 लाख मतदाता थे एसआइआर से पहले
21.93 लाख मतदाता रह गए एसआइआर के बाद
22.23 लाख मतदाता संख्या 29 अक्टूबर को है
5.06 लाख मतदाता एसआइआर में कम हो गए थे

विधानसभा क्षेत्रवार मतदाताओं की संख्या
विधानसभा क्षेत्र --06 अप्रैल को मतदाता संख्या---29 अक्टूबर को मतदाता संख्या
सिवालखास--2,96,485--2,98,616
सरधना-----3,07,817--3,10,393

हस्तिनापुर---3,03,351--3,05,606
किठौर-----3,22,769--3,26,823
मेरठ कैंट---3,16,239--3,20,567

मेरठ शहर--2,55,238--2,60,974
मेरठ दक्षिण--3,91,738--4,00,210
कुल------21,93,637---22,23,189

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।