ऑक्सफोर्ड में मेरठ का मान बढ़ाएंगी शीतल, लेजर की रोशनी से गांव के बच्चों का दूर किया ‘फिजिक्स फोबिया’
Meerut News: मेरठ की विज्ञान अध्यापिका शीतल देवल ने लेजर आधारित शिक्षण सामग्री से ग्रामीण बच्चों का 'फिजिक्स फोबिया' दूर किया। उन्हें राष्ट्रीय 'बेस्ट टीचर अवार्ड' से सम्मानित किया गया।

शिव नादर फाउंडेशन की ओर से दिल्ली में आयोजित इंडियाज बेस्ट टीचर अवार्ड में विदेशी मेहमानों के साथ शिक्षिका शीतल देवल। सौ. स्वजन
HighLights
19 हजार शिक्षकों में चुनी गईं देश की टाॅप-5 शिक्षिकाओं में शामिल।
शिव नादर फाउंडेशन और ऑक्सफोर्ड विवि की पहल से मिली उपलब्धि।
जागरण संवाददाता, मेरठ। फिजिक्स का नाम सुनते ही जिन ग्रामीण बच्चों के सामने किताबों के कठिन चित्र और जटिल सिद्धांत किसी पहेली की तरह खड़े हो जाते थे, अब वही बच्चे लेजर की रोशनी से प्रकाश के नियम समझ रहे हैं।
कुढ़ला स्थित राजकीय हाईस्कूल की विज्ञान अध्यापिका शीतल देवल ने पढ़ाई के इस डर को प्रयोग और माडल के जरिए आसान बना दिया है। उनके अभिनव शिक्षण प्रयोग ने न केवल बच्चों का ‘फिजिक्स फोबिया’ दूर किया, बल्कि उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान भी दिलाई है। शिक्षक दिवस पर शीतल को दिल्ली में नेशनल ‘बेस्ट टीचर अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।
शिव नादर फाउंडेशन और आक्सफोर्ड विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर से करीब 19 हजार सरकारी और गैर-सरकारी शिक्षकों ने प्रतिभाग किया था। इनमें से देश के पांच श्रेष्ठ शिक्षकों का चयन किया गया।
उत्तर प्रदेश से शीतल देवल अकेली शिक्षिका हैं, जिन्हें टाॅप-5 में स्थान मिला। इनके अलावा तेलंगाना, दिल्ली, महाराष्ट्र और पुडुचेरी से एक-एक शिक्षक का चयन हुआ है। इस उपलब्धि के साथ शीतल को 10 दिन आक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में बिताने का अवसर भी मिलेगा।
रटंत विद्या छोड़ प्रयोग से समझाया फिजिक्स
शीतल देवल बताती हैं कि जब बच्चे किसी विषय से डरने लगते हैं तो धीरे-धीरे उनका उस विषय पर भरोसा और पकड़ दोनों कम होने लगते हैं। उनके विद्यालय में अधिकांश विद्यार्थी ग्रामीण क्षेत्र से आते हैं। किताबों में बने फिजिक्स के डायग्राम और कठिन सिद्धांत देखकर कई बच्चे घबरा जाते थे। ऐसे में उन्होंने बच्चों को रटाने के बजाय विषय को उनकी आंखों के सामने उतारने का प्रयास शुरू किया।
उन्होंने अपने पति के सहयोग से लेजर लाइट आधारित विशेष टीचिंग लर्निंग मटेरियल (टीएलएम) तैयार किया। इसके माध्यम से प्रकाश के गुण, उसका व्यवहार और पदार्थ के साथ उसकी अंतःक्रिया जैसी कठिन अवधारणाओं को बच्चों के सामने प्रयोग के जरिए प्रदर्शित किया जाता है। इससे बच्चे केवल किताब में पढ़ने के बजाय प्रकाश की घटनाओं को देखकर समझने लगे। पढ़ाई उनके लिए बोझ के बजाय प्रयोग और खेल जैसा अनुभव बन गई।
लगातार मिल रही उपलब्धियां
शीतल की इस उपलब्धि के पीछे लंबे समय से किए जा रहे उनके प्रयोग और मेहनत है। वह पिछले दो वर्षों से प्रदेशभर में आयोजित समग्र शिक्षा टीएलएम प्रदर्शनी में फिजिक्स विषय में प्रथम स्थान हासिल कर रही हैं। राज्य स्तरीय बाल विज्ञान प्रदर्शनी और पिछले वर्ष आयोजित ‘नव प्रवर्तक प्रदर्शनी’ में भी उन्हें प्रथम स्थान मिला।
नव प्रवर्तक प्रदर्शनी के दौरान उनके तैयार किए गए प्रोटोटाइप को पेटेंट के लिए भेजा गया था। माध्यमिक शिक्षा परिषद के संयुक्त निदेशक ओंकारनाथ शुक्ला के अनुसार शीतल का इनोवेटिव माडल बच्चों को सीखने के लिए प्रेरित करता है और उनके माडल को जल्द पेटेंट मिलने की उम्मीद है।
अपनी परेशानी से निकाला समाधान
अपनी सफलता पर शीतल देवल कहती हैं कि पढ़ाई के दौरान उन्होंने खुद भी ऐसी परेशानियों का सामना किया था। फिजिक्स के कठिन सिद्धांतों को समझने में आने वाली दिक्कत ने ही उन्हें ऐसा तरीका तलाशने के लिए प्रेरित किया, जिससे बच्चे विषय को आसानी से समझ सकें।
उन्होंने जिस समस्या को खुद महसूस किया, उसी से समाधान की रोशनी निकाली और उसे अपने विद्यार्थियों तक पहुंचाया। अब राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने के बाद शीतल के सामने अगला पड़ाव आक्सफोर्ड विश्वविद्यालय है। उनके नवाचार ने यह साबित किया है कि सरकारी स्कूलों में संसाधनों की सीमाओं के बावजूद यदि शिक्षक सीखने का तरीका बदल दें तो कठिन से कठिन विषय भी बच्चों के लिए आसान और रोचक बनाया जा सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।