यूपी में हिस्ट्रीशीटर से परेशान दारोगा ने घर पर लगाए पलायन के पोस्टर, एसएसपी ने दिए जांच के आदेश
लिसाड़ी गेट के श्यामनगर में तैनात दारोगा निजामुद्दीन हिस्ट्रीशीटर अतीक अहमद से परेशान होकर घर पर पलायन के पोस्टर लगाए हैं।

HighLights
लिसाड़ी गेट के दारोगा ने हिस्ट्रीशीटर से परेशान होकर लगाए पोस्टर।
दारोगा ने मारपीट, गाली-गलौज की रिपोर्ट दर्ज कराई, पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप।
एसएसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ कोतवाली को जांच सौंपी।
जागरण संवाददाता, मेरठ। लिसाड़ी गेट के श्यामनगर में गाजियाबाद के लोनी में तैनात दारोगा हिस्ट्रीशीटर से घबरा गया है। पहले उसने थाना लिसाड़ी गेट पर हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ मारपीट व गाली गलौज की रिपोर्ट दर्ज कराई, अब उसने घर पर पलायन का पोस्टर लगा दिया है।
बुधावार को दारोगा के स्वजन एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति से मिले और आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसएसपी ने सीओ कोतवाली को पूरे मामले की जांच के आदेश दिए है।
लिसाड़ी गेट के श्यामनगर निवासी दारोगा निजामुद्दीन ने बताया कि वह लोनी थाने पर तैनात है। वह अधिकांश घर से बाहर रहता है। उसके दो बेटे हैं। एक यूपीएससी की तैयारी कर रहा है दूसरा बीटेक कर रहा है। पड़ोसी अतीक अहमद रोज रात में शराब पीकर हंगामा कर गाली गलौज करता है।
विरोध करने पर मारपीट करता है। आरोपित ने उसके फोटो व मोबाइल नंबर अपराधियों को दे दिए है। इससे परिवार व उसे जान का खतरा बना हुआ है। उसके खिलाफ फर्जी शिकायत करता है। एक सितंबर को रात में उससे मारपीट की। इसकी उसने थाना लिसाड़ी गेट पर रिपोर्ट दर्ज कराई।
बुधवार को दारोगा के स्वजन एसएसपी से उनके कार्यालय में मिले। उन्होंने बताया कि वह आरोपित अतीक से परेशान है और सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया है। वह दोनों बेटों को किसी फर्जी केस में फंसाकर जीवन बर्बाद कर सकता है। लिसाड़ी गेट थाना पुलिस शिकायत व रिपोर्ट दर्ज करने पर भी कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।इससे आहत होकर उन्होंने पलायन का फैसला कर लिया है।
उन्होंने एसएसपी से न्याय की गुहार की। दूसरी ओर आरोपित का कहना है कि दारोगा उसका मकान जबरन खरीदना चाहता है। इसी कारण वह अपने दोनों बेटों संग उससे मारपीट करता है और उस पर कई फर्जी मामले दर्ज कराकर अपराधी बनाना चाहता है।
उसने दारोगा व उसके दोनों बेटों के खिलाफ थाना लिसाड़ी गेट व एसएसपी को कई शिकायती पत्र इसी संबंध में देने की बात कही। एसएसपी ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया।
यह भी पढ़ें- सिद्धार्थनगर की नाबालिग के साथ जयपुर में सामूहिक दुष्कर्म, दिल्ली पुलिस ने किया वापस
