विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'SO साहब, छत से हो रहा पथराव'..., वायरल वीडियो में दिखा सच, लेकिन मेरठ पुलिस के एक्शन लेने में देरी पर उठे सवाल

By Shubham Gupta Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 20 Nov 2026 07:05 PM (IST)

मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में छतों से पथराव हुआ। घटना के वायरल वीडियो में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठे हैं, क्योंकि शिकायत के बावजूद कार्रवाई में देरी हुई।

News Article Hero Image

HighLights

  1. मैनापुठ्ठी गांव में गाली-गलौज के बाद दो पक्षों में हुआ विवाद।

  2. घटना के दो वीडियो सोशल मीडिया पर हुए वायरल।

संवाद सूत्र, सरूरपुर (मेरठ)। सरूरपुर थाना क्षेत्र के मैनापुठ्ठी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज के बाद मामला छतों से पथराव तक पहुंच गया।

घटना के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इनमें एक वीडियो में पथराव करने वालों को दिखाते हुए थाना प्रभारी को बार-बार मामले की जानकारी दी जा रही है। इसके बावजूद पुलिस की कार्रवाई नहीं होने पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

वहीं पुलिस का कहना है कि सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस अब वीडियो के आधार पर आरोपितों की पहचान कर कार्रवाई करने की बात कह रही है।

मैनापुठ्ठी निवासी गुलफाम पुत्र मेहरबान और फिरोज पुत्र अफजाल के बीच लंबे समय से रंजिश चली आ रही है। इसी को लेकर शुक्रवार दोपहर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले दोनों ओर से गाली-गलौज हुई और देखते ही देखते एक पक्ष के लोग मकान की छत पर चढ़ गए और पथराव शुरू कर दिया। इससे गांव में अफरा-तफरी मच गई।

उधर किसी ने पथराव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जिसके बाद सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। तभी आरोपित पुलिस को देख फरार हो गए।

थाना प्रभारी को वीडियो दिखाकर करते रहे शिकायत, फिर भी नहीं रुका पथराव

मैनापुठ्ठी गांव में दो पक्षों के बीच छतों से हुए पथराव के मामले में इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो ने सरूरपुर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि उसे घटना की सूचना देरी से मिली। जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची। हालांकि प्रसारित वीडियो में वीडियो बनाने वाला व्यक्ति लगातार थाना प्रभारी को पथराव की जानकारी देता और आरोपितों की हरकत दिखाता नजर आ रहा है।

सोशल मीडिया पर वायरल 32 सेकेंड के वीडियो में एक पक्ष के लोग मकान की छत से लगातार पथराव करते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान वीडियो बनाने वाला व्यक्ति थाना प्रभारी को संबोधित करते हुए कहता सुनाई दे रहा है कि 'देखिए एसओ साहब, किस तरह छत से पथराव कर बदमाशी की जा रही है।'

वहीं, 36 सेकेंड के दूसरे वीडियो में भी वीडियो बनाने वाला व्यक्ति पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देता सुनाई दे रहा है।

इस मामले में थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि घटना का वीडियो सामने आया है। वीडियो के आधार पर आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।