विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेटियों के लिए खुले द्वार, स्कूलों में बने करियर हब दिखाएंगे भविष्य की राह

By Rajendra Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 12 Nov 2026 04:57 PM (IST)

मेरठ के 48 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में करियर हब और मेले स्थापित होंगे, जो छात्राओं को भविष्य की सही राह ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)

(प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. जिले के 48 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में स्थापित होंगे करियर हब

  2. करियर मेले में अब विशेषज्ञ बताएंगे बेटियां किस मनपसंद क्षेत्र को चुने

जागरण संवाददाता, मेरठ। बेटियां अब करियर की राह में भटकेंगी नहीं। स्कूली शिक्षा के दौरान ही करियर हब सही राह दिखाएगा। पढ़ाई करके जीवन में उन्हें डाक्टर, इंजीनियर, सीए, आइपीएस अथवा आइएएस बनना है। इन सभी सवालों का जवाब अब उनको करियर हब में खूब मिलेगा। उनके सपनों को उड़ान देने के लिए करियर की सही राह दिखाई जाएगी। स्कूलों में लगने वाले करियर मेले से बेटियां अपना भविष्य खुद चुनेंगी।

समग्र शिक्षा (माध्यमिक) के तहत यह पहल शुरू होने जा रही है। इसके तहत जिले के 48 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में अब करियर हब की स्थापना की जाएगी। साथ ही विद्यालय परिसर में करियर मेले का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत जिले को कुल 16.56 लाख की धनराशि जारी की गई है। इसमें सबसे अधिक धनराशि करियर मेले एवं करियर हब के लिए रखी गई है। करियर हब नवीनीकरण एवं स्थापना के लिए प्रत्येक विद्यालय को 10 हजार की धनराशि मिलेगी। इसके लिए जिले को 4.80 लाख की धनराशि जारी की गई है।

वहीं, प्रत्येक विद्यालय में करियर मेले के लिए 15 हजार की धनराशि निर्धारित की गई है।इसके लिए कुल 7.20 लाख की धनराशि जारी की गई है। इसके अलावा आदर्श करियर दिवस के लिए 35 सौ की धनराशि भी प्रति विद्यालय को दी जाएगी। जिले में करियर हब, शिक्षक अभिभावक बैठक, आदर्श करियर दिवस व विद्यालय स्तरीय करियर मेले के लिए 16.56 लाख की धनराशि जारी की गई है।

यह होगा करियर हब में
करियर हब विद्यालय में एक स्थायी केंद्र होगा। जहां करियर से जुड़ीं किताबें, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी वाले कोर्स, चार्ट, पोस्टर एवं काउंसलिंग सामग्री आदि रखी जाएगी। छात्राएं वहां से अपनी रूचि के अनुसार विषय, कोर्स और नौकरी के बारे में जानकारी ले सकेंगी। साथ ही हर विद्यालय में करियर क्लब भी बनाया जाएगा, जो हब को सक्रिय रखेगा।

करियर मेले से मिलेगा मार्गदर्शन
करियर मेले के माध्यम से छात्राओं को मार्गदर्शन मिलेगा। इसमें विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ, डाक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, पुलिस सेवा के अधिकारी, बैंक अधिकारी व कौशल विकास और स्वरोजगार से जुड़े अधिकारी स्कूलों में छात्राओं से सीधे रूबरू होंगे। छात्राओं को दसवीं के बाद क्या चुनें, बारहवीं के बाद कौन सा कोर्स करें। डाक्टर, इंजीनियर, सीए, आइपीएस एवं आइएएस बनने के लिए किस तरह अपनी तैयारी करें। इन सब सवालों के जवाब मिलेंगे।

बेटियों के भविष्य की मजबूत नींव बनेंगे करियर हब और करियर मेले
करियर हब और करियर मेले बेटियों के भविष्य की मजबूत नींव बनेंगे। करियर हब बेटियों के लिए रोज के काम का केंद्र भी बनेंगे। मेले के माध्यम से उनको भविष्य के लिए सही राह चुनने के लिए निरंतर उपयोगी मार्गदर्शन मिलेगा।-जगदीश प्रसाद शुक्ल, जिला विद्यालय निरीक्षक।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।