नौनिहालों के सपनों को मिलेगी उड़ान, ड्रोन-राकेट से समझेंगे विज्ञान... मेरठ में पांच लाख से बनेगा साइंस-मैथ्स गार्डन
मेरठ के कुलंजन गांव में पीएमश्री स्कूल में पांच लाख की लागत से साइंस-मैथ्स गार्डन बनेगा। इसमें ड्रोन, रॉकेट और ...और पढ़ें

विकास क्षेत्र सरधना स्थित पीएमश्री उच्च प्राथमिक विद्यालय कुलंजन का मुख्य द्वार व भवन। इस स्कूल परिसर में बनेगा साइंस-मैथ्स गार्डन।-जागरण
HighLights
कुलंजन स्कूल में पांच लाख से बनेगा साइंस-मैथ्स गार्डन।
छात्र ड्रोन, रॉकेट, रोबोटिक्स से समझेंगे विज्ञान के सिद्धांत।
26 मॉडल से मिलेगी विज्ञान-गणित की व्यावहारिक शिक्षा।
जागरण संवाददाता, मेरठ। गांव के स्कूल में अब विज्ञान की पढ़ाई का अंदाज बदलेगा। कुलंजन के बच्चे ड्रोन की कार्यप्रणाली समझेंगे, रोबोटिक्स की तकनीक जानेंगे और राकेट के सिद्धांतों से रूबरू होंगे। योगी सरकार ग्रामीण विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा और तकनीक से जोड़ने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रही है। इसी कड़ी में सरधना तहसील के कुलंजन गांव स्थित पीएमश्री उच्च प्राथमिक विद्यालय में अब पांच लाख की लागत से साइंस-मैथ्स गार्डन विकसित किया जाएगा। इसमें विज्ञान और गणित के 26 माडल एवं उपकरण लगाए जाएंगे। गार्डन में विद्यार्थी केवल जानकारी हासिल नहीं करेंगे, बल्कि माडल के जरिए अवधारणाओं को समझने और उन्हें वास्तविक जीवन से जोड़ने का अभ्यास भी करेंगे।
26 माडल से खुलेंगे विज्ञान की दुनिया के राज
गार्डन में सौरमंडल माडल, एआर सोलर सिस्टम चार्ट, ड्रोन, राकेट किट, रोबोटिक लर्निंग किट, डिस्टेंस मीटर, ट्रैफिक टावर ट्री और डायरेक्शन टावर ट्री समेत 26 माडल व उपकरण स्थापित होंगे। सौरमंडल माडल से सूर्य और ग्रहों की व्यवस्था समझ सकेंगे, जबकि रोबोटिक किट से तकनीक और स्वचालन की शुरुआती जानकारी मिलेगी। ड्रोन और राकेट किट से उड़ान के वैज्ञानिक सिद्धांत समझने का अवसर मिलेगा।
डिस्टेंस मीटर से मिलीमीटर, सेंटीमीटर, मीटर और किलोमीटर जैसी मापन इकाइयों का व्यावहारिक ज्ञान मिलेगा। कोण माडल से गणितीय अवधारणाएं स्पष्ट होंगी और कृत्रिम मानव माडल से शरीर के प्रमुख अंगों की जानकारी मिलेगी। ट्रैफिक और डायरेक्शन टावर से यातायात संकेतों और दिशाओं की पहचान करना सीखेंगे। अलग-अलग माडल बच्चों को सवालों के जवाब खुद तलाशने और सीखने की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करेंगे।
दूसरे स्कूलों के विद्यार्थी भी करेंगे भ्रमण
गार्डन का लाभ केवल कुलंजन के पीएमश्री विद्यालय तक सीमित नहीं रहेगा। जिले के दूसरे विद्यालयों के विद्यार्थी भी यहां शैक्षिक भ्रमण कर सकेंगे। पहल का उद्देश्य विज्ञान के प्रति जिज्ञासा बढ़ाने, गणित को रोचक बनाने और विद्यार्थियों में सवाल पूछने व प्रयोग करने की प्रवृत्ति विकसित करना है। इससे पढ़ाई को अनुभव से जोड़ने में मदद मिलेगी और बच्चे विषयों को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे।
जेम पोर्टल से होगी उपकरणों की खरीद
गार्डन के माडल व उपकरण जेम पोर्टल से खरीदे जाएंगे। निर्माण व व्यवस्थाओं की निगरानी जिला स्तरीय समिति करेगी। डीएम समिति अध्यक्ष, सीडीओ सदस्य व बीएसए सदस्य-सचिव होंगे। विज्ञान विषय के प्राध्यापक और उच्च शिक्षण संस्थान के तकनीकी विशेषज्ञ भी समिति में शामिल किए जाएंगे।
किताबी ज्ञान के साथ प्रयोगात्मक शिक्षा देना भी जरूरी
किताबी ज्ञान के साथ प्रयोगात्मक शिक्षा देना जरूरी है। साइंस-मैथ्स गार्डन से ग्रामीण विद्यार्थियों को विज्ञान और गणित के सिद्धांत समझने का व्यावहारिक अवसर मिलेगा। इससे उनमें वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और नवाचार की भावना विकसित होगी।-नूपुर गोयल-सीडीओ
विद्यार्थियों के लिए सीखने का नया माध्यम बनेगा
साइंस-मैथ्स गार्डन विद्यार्थियों के लिए सीखने का नया माध्यम बनेगा। उन्हें ड्रोन और राकेट किट से उड़ान के वैज्ञानिक सिद्धांत समझने का अवसर मिलेगा। इसका लाभ कुलंजन के साथ दूसरे स्कूलों के बच्चों को भी दिलाया जाएगा।-आशा चौधरी, बीएसए
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।