साध्वी के Convoy में चल रही स्कार्पियो लूटी, नकाबपोश बदमाश फरार... GPS से ट्रेस होने पर जंगल में छोड़ी गाड़ी
मेरठ-बागपत हाईवे पर साध्वी के प्रोटोकॉल में चल रही एक स्कार्पियो को नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े लूट लिया। जीपीएस की ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
मेरठ-बागपत हाईवे पर साध्वी की स्कार्पियो लूटी गई।
नकाबपोश बदमाश दिनदहाड़े गाड़ी लेकर फरार हुए।
जीपीएस से पीछा करने पर गाड़ी जंगल में मिली।
जागरण संवाददाता, सरधना (मेरठ)। जानी थाना क्षेत्र के मेरठ-बागपत हाईवे पर बुधवार को दिनदहाड़े साध्वी के Convoy में चल रही स्कार्पियो को नकाबपोश बदमाश लूटकर फरार हो गए। जिसके बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद पीछे चल रही दूसरी गाड़ी में सवार लोगों ने शोर मचाया। वहीं, गाड़ी चालक ने जीपीएस की मदद से बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया।
खुद को घिरता देख बदमाश स्कार्पियो को बागपत जिले के जिटौली गांव के जंगल में छोड़कर फरार हो गए। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। हालांकि पुलिस का दावा है कि घटना कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की है।
नंगला साहू निवासी जहीर अब्बास किराये पर गाड़ी चलाते हैं। बुधवार सुबह वह मेरठ से साध्वी योगी अंजली नाथ को लेकर सोनीपत जा रहे थे। उनके साथ प्रोटोकाल में एक अन्य स्कार्पियो भी चल रही थी। जिसे जहीर अब्बास चला रहे थे। जानी थाना क्षेत्र में मेरठ-बागपत हाईवे पर पहुंचने के दौरान जहीर को लघुशंका लगी। इस पर उन्होंने सड़क किनारे स्कार्पियो रोक दी और नीचे उतर गए।
इसी दौरान नकाबपोश बदमाश मौके पर पहुंचे और स्कार्पियो लूटकर बागपत की ओर फरार हो गए। तभी पीछे खड़ी गाड़ी में सवार साध्वी और अन्य लोगों ने बदमाशों को स्कार्पियो ले जाते देखा तो शोर मचा दिया। इसके बाद जहीर ने गाड़ी में लगे जीपीएस की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस कर पीछा शुरू कर दिया। पीछा किए जाने की भनक लगने पर बदमाश बागपत जिले के जिटौली गांव के जंगल में स्कार्पियो छोड़कर फरार हो गए। वहीं सूचना पर पुलिस पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
जानी थाना पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
दिनदहाड़े हाईवे पर हुई स्कार्पियो लूट की वारदात ने जानी थाना पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मेरठ-बागपत हाईवे जिले के व्यस्ततम मार्गों में शामिल है। ऐसे में हाईवे पर बदमाशों द्वारा बीच सड़क से स्कार्पियो लूटकर फरार होने की घटना से लोगों में दहशत का माहौल है। वहीं, बदमाशों के दुस्साहस ने हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि व्यस्त हाईवे पर दिनदहाड़े हुई इस वारदात के दौरान पुलिस की सक्रियता कहां थी।
जिटौली के जंगल में मिली स्कार्पियो
मामला कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के कंकरखेड़ा बाइपास का है। फोन आने पर पुलिस सक्रिय हुई थी। स्कार्पियो जिटौली के जंगल में मिली है। जहां पर घटना हुई थी। वहीं की थाना पुलिस जांच करेगी।
अजयदीप, प्रभारी, थाना जानी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।