विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेट्रो स्टेशन के नीचे ट्रैफिक का 'मौत वाला यू-टर्न', मेरठ में हादसे के बाद भी नहीं चेती पुलिस

By Sushil Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 25 Nov 2026 02:15 PM (GMT+05:30)

मेरठ में सड़क हादसों और यातायात अव्यवस्था का सिलसिला जारी है, ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन और दुपहिया रोड पर कई लोगों की जान गई है। पुलिस की लापरवाही और सुरक्षा उपायों की कमी के कारण गलत दिशा में वाहन चलाने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है।

दिल्ली रोड पर विपरीत दिशा में दौड़ रहे वाहन। जागरण

दिल्ली रोड पर विपरीत दिशा में दौड़ रहे वाहन। जागरण

HighLights

  1. ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन पर गलत दिशा में वाहन चलाने से हादसे।

  2. दुपहिया रोड पर तेज रफ्तार से कई दर्दनाक मौतें हुईं।

  3. हादसों के बाद भी यातायात व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ।

जागरण संवाददाता, मेरठ। सड़कें बन रही हैं, लेकिन सुरक्षित सफर की राह नहीं खुल रही। कहीं निर्माण के बाद वाहनों की रफ्तार जानलेवा साबित हो रही है, तो कहीं यातायात पुलिस की लापरवाही हादसों को न्योता दे रही है।

ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन के नीचे विपरीत दिशा में दौड़ते वाहन जाम और दुर्घटनाओं की वजह बन रहे हैं। यहां तेज रफ्तार से दौड़ रही कार ने रविवार रात बाइक सवार दो युवकों की जान ले ली।

दुपहिया रोड पर सोमवार रात हुए भीषण हादसे में भी बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। उधर, रोहटा रोड फ्लाईओवर की मरम्मत के दौरान उड़ती धूल ने लोगों का सांस लेना मुश्किल कर दिया है। तीनों जगह सवाल एक ही है कि आमजन की सुरक्षा और सुविधा की जिम्मेदारी आखिर कौन निभाएगा ? एसपी यातायात राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि हादसे वाले स्थानों का निरीक्षण किया गया है। वहां अतिरिक्त ड्यूटी लगाकर सुधार किया जा रहा है।

ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन के नीचे हुए भीषण हादसे में शेखर और राजेंद्र की मौत के बावजूद यातायात पुलिस ने सबक नहीं लिया है। यहां आज भी वाहन चालक विपरीत दिशा में दौड़ रहे हैं। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस की मुस्तैदी नजर नहीं आती। नतीजा यह है कि चौराहे पर रोजाना जाम लगता है और हादसों का खतरा बना रहता है।

दरअसल, माधवपुरम की ओर से दिल्ली रोड को जोड़ने वाले दो रास्ते हैं, जबकि तीसरा रास्ता ट्रांसपोर्टनगर की ओर से आता है। इन तीनों रास्तों का यातायात ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन के नीचे एक-दूसरे से मिलता है। यहां यातायात संचालन की उचित व्यवस्था नहीं होने से वाहन चालक मनमानी करते हैं। माधवपुरम से निकलकर बेगमपुल की ओर जाने वाले अधिकतर वाहन विपरीत दिशा से गुजरते हैं।

इसी तरह नवीन मंडी जाने वाले वाहन भी निर्धारित दिशा के बजाय उल्टी तरफ से निकलते हैं। विपरीत दिशा में आने वाले वाहनों की वजह से चौराहे पर आमने-सामने की स्थिति बनती है। इससे जाम लगता है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसी स्थान पर खड़े ट्रक में बाइक घुसने के बाद पीछे से आई कार की टक्कर से शेखर और राजेंद्र की जान चली गई थी।

पुलिसकर्मियों को टक्कर मारने की घटना से भी नहीं लिया सबक

करीब चार महीने पहले इसी स्थान पर ब्रह्मपुरी थाने के पुलिसकर्मियों को सुपरटेक में रहने वाले कारोबारी अमन जौली और उसके भाई ने टक्कर मार दी थी। दोनों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज हुआ था। इसके बावजूद यातायात व्यवस्था में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ।

मेवला फ्लाईओवर से ट्रांसपोर्टनगर गेट तक जाम

मेवला फ्लाईओवर से उतरते ही वाहन चालकों को ट्रांसपोर्टनगर गेट तक जाम से जूझना पड़ता है। चौराहे पर विपरीत दिशा से आने वाले वाहन स्थिति को और बिगाड़ देते हैं। लोगों को इस जाम से निकलने में काफी समय लग जाता है। हादसे के बाद भी व्यवस्था में सुधार नहीं होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।

गड्ढे भरे तो सड़क पर दौड़ने लगी मौत

मोदीपुरम: दुपहिया रोड पर सड़क निर्माण के बाद वाहनों की रफ्तार बढ़ी तो दुर्घटनाओं का सिलसिला भी तेज हो गया। जानी थाना क्षेत्र के गांव पावटी निवासी 24 वर्षीय शकील और 25 वर्षीय मनीष पत्थर घिसाई का काम करते थे। सोमवार रात दोनों बाइक से रोहटा रोड की ओर से दुपहिया रोड होते हुए अपने गांव जा रहे थे।

मंगलवार को कंकरखेड़ा पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। पास ही स्थित होटल ग्रीन पार्क के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई तो हादसे की भयावह तस्वीर सामने आई। फुटेज के अनुसार, बाइक सवार युवकों ने आगे चल रही एसयूवी को ओवरटेक करने का प्रयास किया। एसयूवी तो आगे निकल गई, लेकिन इसी दौरान सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली की बाइक से टक्कर हो गई।

दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और ट्रैक्टर-ट्राली के पहियों की चपेट में आ गए। गंभीर हालत में दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राली लेकर फरार हो गया।

सड़क बनी, सुरक्षा इंतजाम नहीं

स्थानीय निवासी नरेश कुमार, मनोज सिंह और धीरज का कहना है कि कुछ महीने पहले तक दुपहिया रोड पर गहरे गड्ढे थे। उस समय वाहन चालक धीमी गति से निकलते थे। सड़क निर्माण के बाद वाहनों की रफ्तार बढ़ गई है। मार्ग सिंगल होने के कारण न तो डिवाइडर है और न ही स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क बनने के बाद अब तक छोटे-बड़े पांच से छह हादसे हो चुके हैं। इनमें कई लोग घायल भी हुए हैं। लोगों ने सड़क पर आठ से दस डबल स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की है, ताकि वाहनों की रफ्तार नियंत्रित हो सके और हादसों पर अंकुश लगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।