विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चिंताजनक! मेरठ में सिर्फ नौ महीने में ही चली गईं 310 जानें...फिर भी दावा ये कि ब्लैक स्पाट ठीक हो रहे हैं

By Anuj Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 22 Nov 2026 01:06 PM (IST)

मेरठ में सड़क दुर्घटनाएं और ब्लैक स्पाट तेजी से बढ़े हैं, नौ महीनों में 310 मौतें दर्ज की गई हैं। अधिकारियों के दावों के बावजूद, ब्लैक स्पाट की संख्या 23 से बढ़कर 48 हो गई है, जिससे स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

मेरठ-देहरादून हाईवे पर मटौर गांव के कट पर लगातार दुर्घटनाएं होती हैं। गन्ने से लदे वाहन भी यहीं से हाईवे को पार करते हैं। जागरण

मेरठ-देहरादून हाईवे पर मटौर गांव के कट पर लगातार दुर्घटनाएं होती हैं। गन्ने से लदे वाहन भी यहीं से हाईवे को पार करते हैं। जागरण

HighLights

  1. मेरठ में सड़क हादसों से नौ महीने में 310 जानें गईं।

  2. जिले में ब्लैक स्पाट की संख्या 23 से बढ़कर 48 हुई।

जागरण संवाददाता, मेरठ। ब्लैक स्पाट खत्म न होने के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने रोड इंजीनियरिंग पर सवाल खड़ा किया है। मेरठ में ब्लैक स्पाट और हादसों की संख्या कम होने के स्थान पर उल्टे बढ़ गई है। नए-नए स्थानों पर हादसे हो रहे हैं। पिछले साल 452 सड़क दुर्घटनाओं में 172 लोगों की मौत हुई थी, जबकि वर्ष 2026 में 30 सितंबर तक ही 841 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं। इनमें 310 लोगों की मौत और 875 लोग घायल हुए है।यह संख्या पिछले वर्षों की तुलना में दो गुना है। हालात चिंताजनक हैं। ब्लैक स्पाट की संख्या को भी 23 से बढ़ाकर 48 कर दिया गया है।

नहीं सुधरे ब्लैक स्पाट, अफसर हर बैठक में करते हैं दावे
जनपद में छह राष्ट्रीय राजमार्ग, दो राज्यमार्ग तथा जिला मार्गों पर कुल 48 ब्लैक स्पाट चिह्नित हैं। पूर्व में ब्लैक स्पाट की संख्या 23 थी लेकिन वर्ष 2026 में बेतहासा सड़क हादसे हो रहे हैं। नए नए स्थानों हादसों के केंद्र बन रहे हैं। इन ब्लैक स्पाट का सुधार करने का आदेश जिला सड़क सुरक्षा समिति की प्रत्येक बैठक में दिया जाता है लेकिन एनएचएआइ और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी जल्द सुधार कराने का वादा करके मुद्दा टाल देते हैं।

सर्वाधिक हादसे राष्ट्रीय राजमार्गों पर हो रही है। इनमें से सबसे ज्यादा ब्लैक स्पाट मेरठ-रुड़की हाईव पर हैं। परतापुर चौराहा, सिवाया कट, दौराला कट और मटौर कट पर सबसे ज्यादा दुर्घटनाएं हो रही हैं।जिनपर अंडरपास बनाने तथा अन्य व्यवस्थाओं की जरूरत है।इसी मार्ग के कई अंडरपास भी मौत का द्वार बने हैं। यहां यातायात को व्यवस्थित करने की व्यवस्था नहीं है।

मेरठ-करनाल हाईवे पर सरधना मोड़, मेरठ- बुलंदशहर हाईवे का कैली अंडरपास तथा शहर के भीतर बागपत रोड पर ट्रांसपोर्ट नगर तिराहा सर्वाधिक दुर्घटनाओं वाले स्थान हैं। जिनपर स्थायी समाधान की जरूरत है। एनएचएआइ का दावा है कि इन सभी स्थानों पर साइन बोर्ड, चेतावनी बोर्ड, कैट आइ, ब्लिंकर्स व अन्य उपकरण लगाकर अस्थाई समाधान बार बार किया जाता है लेकिन स्थायी समाधान सिक्स लेन सड़क का निर्माण है। जिसका प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।

क्या सुधार कराया इसका सत्यापन कराया जाएगा
जनपद में सड़क दुर्घटना और उनमें मौत पिछले साल की तुलना में अधिक हो गई है। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में इन हालात पर चिंता जताते हुए एनएचएआइ, पीडब्ल्यूडी, नगर निगम को सुधार का निर्देश दिया गया था ।इन विभागों ने क्या सुधार कराया इसका सत्यापन कराया जाएगा। यदि सुधार कार्य नहीं कराए गए हैं तो आगामी बैठक में इन विभागों के अधिकारियों का दायित्व निर्धारित करके रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।-डा. वी के सिंह, जिलाधिकारी

उम्मीद है कि शीघ्र ब्लैक स्पाट खत्म हो जाएंगे
यातायात पुलिस लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाती है। नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई भी करती है। ब्लैक स्पाट खत्म कराने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों से बातचीत भी हुई है। मेरठ-रुड़की हाईवे पर काम चल रहा है। उम्मीद है कि शीघ्र ब्लैक स्पाट खत्म हो जाएंगे।-राजेश श्रीवास्तव, एसपी यातायात

हाईवे को सिक्स लेन करने का प्रोजेक्ट तैयार किया जा रहा
मेरठ-रुड़की हाईवे को सिक्स लेन करने का प्रोजेक्ट तैयार किया जा रहा है। उसी से इस मार्ग से ब्लैक स्पाट का स्थायी समाधान संभव है। सभी ब्लैक स्पाट पर लगातार सुधार कार्य कराए जा रहे हैं। कान्वेक्स मिरर के चोरी हो जाने तथा वाहनों की टक्कर से इनके टूट जाने की समस्या बनी रहती है। इनकी सुरक्षा के इंतजाम करते हुए जल्द मिरर भी स्थापित करा दिए जाएंगे।-साकेत मिश्रा, परियोजना निदेशक एनएचएआइ

मार्गवार ब्लैक स्पाट की संख्या
मार्ग का नाम--------ब्लैक स्पाट की संख्या
मेरठ- रुड़की हाईवे-----12
मेरठ-मवाना हाईवे (एनएच 34)---------06
मेरठ-बुलंदशहर हाइवे (एनएच 235)------ 01

मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे (एनई 03)-------01
मेरठ-बागपत हाईवे (एनएच 332 बी)------04
मेरठ-शामली करनाल हाईवे (एनएच 709 ए)----04

प्रादेशिक मार्ग--------------02
जिले के प्रमुख मार्ग-----------17

अत्यधिक दुर्घटना वाले स्थान
ब्लैक स्पाट का नाम---------दुर्घटना संख्या
सिवाया और दौराला कट ---- 230 दुर्घटना, 20 मौत
मेरठ-करनाल हाईवे पर सरधना मोड़---40 दुर्घटना, 05 मौत

परतापुर बाईपास चौराहा------- 60 दुर्घटना, 15 मौत
मेरठ- बुलंदशहर हाईवे का कैली अंडरपास---- 90 दुर्घटना, 16 मौत, 100 से ज्यादा घायल
बागपत रोड का ट्रांसपोर्ट नगर तिराहा---- 40 दुर्घटना, 12 मौत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।