विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नशे के लिए हत्या के बाद लूटपाट करता था साइको किलर शिवम, हत्या-लूट के बाद जीता था सामान्य जीवन

By Sushil Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 04 Oct 2026 05:40 AM (IST)

मेरठ में साइको किलर शिवम उर्फ शुभम को गिरफ्तार किया गया है, जो लूटपाट के लिए सुनसान जगहों पर लोगों ...और पढ़ें

मुठभेड़ के बाद पुलिस गिरफ्त में आरोपित शिवम। सौ. पुलिस

मुठभेड़ के बाद पुलिस गिरफ्त में आरोपित शिवम। सौ. पुलिस

HighLights

  1. साइकोकिलर शिवम लूटपाट और नशे के लिए करता था हत्याएं।

  2. सुनसान जगहों पर डंडे-ईंट से वार कर शिकार को मारता था।

  3. विमला के चोरी हुए मोबाइल से पुलिस ने शिवम को पकड़ा।

जागरण संवाददाता, मेरठ। शिवम उर्फ शुभम उर्फ भगत उर्फ बारवी, 28 वर्षीय युवक, एक साइको किलर के रूप में सामने आया है। यह युवक आमजन के बीच रहता था और उसके रहन-सहन को देखकर किसी को उस पर शक नहीं हुआ। शिवम सुनसान स्थानों पर अपने शिकार को डंडे से गिराकर, फिर ईंट से कुचलकर हत्या करता था। हत्या के बाद वह लूटपाट कर सामान्य जीवन जीता था। हाल ही में, विमला की हत्या के बाद शिवम ने उसका मोबाइल भी चुरा लिया। उसने इस मोबाइल को नशे का सामान खरीदने के लिए बेच दिया। मोबाइल के नए खरीदार ने जब अपना सिम डालकर उसे चालू किया, तो पुलिस उस तक पहुंच गई।

पूछताछ में शिवम ने विमला की हत्या कबूल की और अन्य घटनाओं का भी जिक्र किया। कुछ घटनाएं ऐसी हैं, जिनका पहले ही पर्दाफाश हो चुका है। यदि उन घटनाओं को उजागर किया जाए, तो पुलिस की गर्दन भी फंसती नजर आ रही है। इन सबके चलते पुलिस ने शिवम को तीन घटनाओं का आरोपित माना है। इस मामले में पुलिस की जांच जारी है।

14 सितंबर को हस्तिनापुर के गणेशपुर गांव में 65 वर्षीय विमला देवी की हत्या की गई। विमला देवी सुबह पांच बजे मार्निंग वाक पर निकली थीं, डंडा और ईंट से वारकर उसे मौत के घाट उतार दिया। विमला के आभूषण और मोबाइल लूट लिया गया। ग्रामीणों ने विमला का शव रखकर जाम लगा दिया था। उसके बाद भी पुलिस की टीमें विमला की हत्या का पर्दाफाश करने में नाकाम रही। 30 सितंबर को अचानक ही मवाना में विमला से लूटा हुआ मोबाइल खुल गया। सर्विलांस की टीम ने मोबाइल के बहसूमा में संचालित होने की जानकारी दी।

तत्काल ही पुलिस ने की टीम ने मोबाइल का संचालन करने वाले कोशेंद्र उर्फ गुल्लू निवासी रहमापुर बहसूमा को दबोच लिया। कोशेंद्र ने बताया कि यह मोबाइल शिवम उर्फ शुभम उर्फ भगत उर्फ बारवी निवासी काबली गेट, चौहान चौक, मवाना से खरीदा था। तत्काल ही पुलिस ने शिवम को उसके घर से उठाया। पुलिस लाइंस स्थित स्वाट टीम के आफिस में शिवम से पूछताछ की। उसने विमला की हत्या करना कबूल कर लिया। बताया कि लूटपाट के लिए विमला के सिर पर पहले डंडे से वार किया। जमीन पर गिर जाने के बाद ईंट से कुचल दिया था।

आभूषण और मोबाइल लूटकर घर पहुंच गया था। शिवम ने पूछताछ में बताया कि 17 मई को हस्तिनापुर क्षेत्र के गांव जलालपुर मकबूलपुर (चेतावाला) निवासी 50 वर्षीय हिस्ट्रीशीटर संतराम की हत्या कर चुका है। संतराम पैरोल पर जेल से बाहर आया था। राजकीय पशुधन एवं कृषि प्रक्षेत्र स्थित दुधली-बस्तोरा मार्ग के पास पुराने सरकारी क्वार्टर में सड़ी-गली अवस्था संतराम का शव मिला था। शिवम ने बताया कि लूटपाट के लिए संतराम की हत्या की थी। इससे पहले भी नितिन चौहान पर जानलेवा हमला कर चुका था। शिवम ने बडौत में दो लूट की घटनाओं को भी स्वीकार किया। पुलिस ने शिवम और उसके साथी कोशेंद्र को जेल भेज दिया।

हत्या के बाद नशा कर जीत की खुशी में डांस करता था शिवम
सभी हत्याकांड को शिवम ने अकेले ही अंजाम दिए है। लूटी हुई रकम से शराब और स्मैक की खरीदारी करता था। उसके बाद घर पर म्यूजिक सिस्टम बचाकर डांस करता था। शिवम का कहना था कि हत्या के बाद वह जीत का जश्न मनाता था। साथ ही लोगों की भीड़ में शामिल होकर पुलिस के मूवमेंट भी चेक करता था। चर्चा है कि शिवम ने अन्य कई हत्याएं की है, लेकिन पुलिस पहले ही उनका पर्दाफाश कर चुकी है। ऐसे में पुलिस उक्त घटनाओं में शिवम को घसीटना नहीं चाह रही है। एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि शिवम और कोशेंद्र को जेल भेज दिया।