विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'फ्री में काम नहीं करुंगा, रकम न मिलने पर फाइल निरस्त कर दूंगा...', वीडियाे वायरल होने पर आवास व विकास परिषद के अफसर सस्पेंड

By Om Bajpai Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sat, 21 Nov 2026 07:00 PM (IST)

मेरठ आवास एवं विकास परिषद के संपत्ति प्रबंधक सुनील कुमार शर्मा को लेनदेन की बातचीत के वीडियो वायरल होने के बाद निलंबित कर दिया गया है। परिषद के सचिव राकेश कुमार सिंह ने निलंबन की कार्रवाई करते हुए मामले की जांच लखनऊ जोन के कमिश्नर को सौंपी है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. मेरठ आवास विकास परिषद के संपत्ति प्रबंधक निलंबित।

  2. संपत्ति प्रबंधक ने कहा कि यह वीडियो एआइ से बनाए गए।

  3. परिषद के सचिव को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया।

जागरण संवाददाता, मेरठ। आवास एवं विकास परिषद के संपत्ति प्रबंधक का लेन देन की बातचीत का वीडियो प्रसारित होने के बाद उन्हें निलंबित कर दिया है। परिषद के सचिव राकेश कुमार सिंह ने निलंबन की कार्रवाई कर मामले में लखनऊ जोन के कमिश्नर को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। इसके पहले मेरठ जोन के उप आवास आयुक्त अनिल कुमार सिंह ने वीडियो प्रकरण सामने आने के बाद संपत्ति प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस दिया था।

मंगलवार को विश्व हिंदू महासंघ के राष्ट्रीय सचिव विनोद कुमार ने मुख्यमंत्री से की गई शिकायत में शास्त्रीनगर स्थित कार्यालय में तैनात संपत्ति प्रबंधक सुनील कुमार शर्मा के तीन वीडियो भी भेजे थे। यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गए। वीडियो में संपत्ति प्रबंधक कहते नजर आ रहे हैं कि 'जानकार से कोई मतलब नहीं फ्री में मैं कोई काम नहीं करुंगा।' एक अन्य वीडियो में वह कह रहे हैं 'रकम नहीं मिलने पर फाइल निरस्त कर दूंगा।'

इस मामले में संपत्ति प्रबंधक सुनील शर्मा ने कहा था कि यह वीडियो एआइ से बनाए गए हैं। बोले गए शब्द और जो सुनाई दे रहे हैं उनमें अंतर है। बताया कि जब से उन्होंने दलालों पर अंकुश लगाया है तब से कुछ लोग लगातार उनके खिलाफ फर्जी शिकायत कर रहे हैं।

उधर, विनोद कुमार शिकायती पत्र में कहा है कि 2024 में 15 अगस्त से 15 अक्टूबर तक सेमीफिनिश्ड मकानों के लिए रजिस्ट्रेशन खोले गए थे। पूर्व सैनिकों का नियमानुसार तीन प्रतिशत कोटा होता है लेकिन उसे लागू नहीं किया गया। संपत्ति प्रबंधक सुनील कुमार शर्मा पर नियमविरुद्ध कार्य करने का आरोप लगाया है।

आवास एवं विकास परिषद के शास्त्रीनगर कार्यालय में डेढ़ साल पुलिस की विजलेंस टीम ने दो कर्मियों को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। कनिष्ठ सहायक परमित कुमार को मई 2025 और आउटसोर्स कर्मी सितंबर 2026 में अभिनव शर्मा को सितंबर माह में छह हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था।

संपत्ति प्रबंधक पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवंटन प्रक्रिया में फाइलों पर हस्ताक्षर के लिए रिश्वत लेने का आरोप है। जयदेवीनगर निवासी अशोक शर्मा ने सुनील शर्मा के खिलाफ प्रधानमंत्री आवास योजना के आवंटियों से पांच से 15 हजार रुपये लेने की शिकायत भी उच्च अधिकारियों से की गई थी।

उक्त मामलों को देखते हुए परिषद के सचिव राकेश कुमार सिंह ने संपत्ति प्रबंधक सुनील कुमार शर्मा को निलंबित कर लखनऊ मुख्यालय से संबद्ध कर दिया है। मेरठ जोन के उप आवास आयुक्त अनिल कुमार सिंह को आरोप पत्र के गठन की जिम्मेदारी दी गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।