Meerut-Prayagraj Ganga Expressway: लॉकडाउन में काम ने पकड़ी रफ्तार, इतने किसानों को जारी हुआ करोड़ों का मुआवजा
मेरठ से प्रयागराज तक प्रस्तावित गंगा एक्सप्रेस-वे को धरातल पर उतारने के लिए हर स्तर पर तेजी से प्रक्रिया को पूर्ण किया जा रहा है। लॉकडाउन के दौरान ही काम को गति दी जा रही है। सबसे ज्यादा जोर किसानों से सीधे भूमि खरीद पर है।
मेरठ, जेएनएन। मेरठ से प्रयागराज तक प्रस्तावित गंगा एक्सप्रेस-वे को धरातल पर उतारने के लिए हर स्तर पर तेजी से प्रक्रिया को पूर्ण किया जा रहा है। लॉकडाउन के दौरान ही काम को गति दी जा रही है। सबसे ज्यादा जोर किसानों से सीधे भूमि खरीद पर है। जिसके मद्देनजर किसानों को चयनित कर मुआवजे की रकम आवंटित की जा रही है। मंगलवार को भी दो गांवों के 15 किसानों के लिए 15.46 करोड़ रुपये का बजट मुआवजा प्रदान करने के लिए जारी कर दिया गया है। बता दें कि किसानों के लिए पांच दिन पहले भी 43.21 करोड़ जारी हुए थे।
प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में शामिल गंगा : कोरोना के बढ़ते संक्रमण को ध्यान में रखकर कई तरह मेरठ के कई विकास कामों पर बाधा लगी हुई है। लेकिन इसी बीच में रैपिड रेल से लेकर कई ऐसे विकास कार्य हैं, जो तेजी से चल रहे हैं। इन्हीं में से एक गंगा एक्सप्रेस वे है। डीएम के. बालाजी ने अनुसार फिलहाल जिले के गांव बिजौली निवासी 13 और गांव अटोला के दो किसानों से भूमि खरीद के लिए 15.46 करोड़ रुपये का बजट जारी किया गया है। इस रकम से कुल 15 किसानों को जमीन के बदले मुआवजा दिया जाएगा। मुआवजा राशि अगले कुछ दिनों में प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद किसानों को प्रदान कर दी जाएगी।
पांच दिन में मिले 58.67 करोड़ : मुआवजे के काम को गति देने के लिए किसानों के खाते में पैसे भेजना शुरू कर दिया गया है। गंगा एक्सप्रेस वे के लिए पिछले पांच दिनों में आठ गांवों के 83 किसानों को 58.67 करोड़ रुपये मुआवजे के जारी किए गए हैं। जिसके बाद से और किसानों के खाते में पैसे भेजने की योजना बनाई जा रही थी। इसी बीच में मंगलवार को भी 15 किसानों के खाते में 15.46 करोड़ भेज दिए गए।
इन्हें मिला मुआवजा
गांव > किसान > मुआवजा
बिजौली> 13 > 12,89,24,128
अटौला> 02 > 2,56,92,422
डीएम के. बालाजी ने बताया कि गंगा एक्सप्रेस वे के निर्माण के लिए किसानों से भूमि का अधिग्रहण तेजी से किया जा रहा है। साथ ही मुआवजा राशि भी तत्काल प्रदान की जा रही है। निर्धारित समय सीमा में जमीन के अधिग्रहण की प्रक्रिया को पूर्ण कर लिया जाएगा।