अक्सर मरने की बातें करते थे, तीन बार किया आत्महत्या का प्रयास... प्रधान पति ने शनिवार को गोली मारकर जान दे दी
मेरठ के बजौट गांव में प्रधान पति अनिल कुमार त्यागी ने मानसिक बीमारी से परेशान होकर खुद को गोली मारकर ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
बजौट के प्रधान पति अनिल त्यागी ने खुद को गोली मारी।
मानसिक बीमारी से परेशान थे, पहले भी प्रयास किए।
घटनास्थल से सुसाइड नोट बरामद, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, मेरठ। लोहियानगर के बजौट गांव में शनिवार को मानसिक बीमारी से परेशान होकर प्रधान के पति अनिल कुमार त्यागी ने तमंचे से खुद को गोली मार ली। गोली सिर में लगने के बाद आर-पार निकल गई, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया। मृतक की शर्ट की जेब से एक सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कालेज की मोर्चरी भेज दिया। तमंचा कहां से आया है, मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
बजौट गांव की प्रधान रजनी देवी के पति 56 वर्षीय अनिल कुमार त्यागी करीब छह साल से मानसिक बीमारी से पीड़ित थे। एसओ अजय शुक्ला ने बताया कि शनिवार को वह घेर की बैठक में थे। इस दौरान उन्होंने 315 बोर के तमंचे से सिर में गोली मार ली। गोली कनपटी पर लगने के बाद सिर के पार निकल गई। गोली की आवाज सुन स्वजन दौड़कर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर लोहियानगर पुलिस पहुंची। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए।
मृतक के बाएं हाथ से 315 बोर का तमंचा बरामद हुआ, जिसकी बैरल में एक खोखा फंसा था। उनकी शर्ट की जेब से सुसाइड नोट भी मिला। पुलिस ने तमंचे को कब्जे में लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया है। स्वजन ने बताया कि अनिल का करीब छह साल से मानसिक बीमारी का इलाज चल रहा था। वह अक्सर मरने की बातें करते थे। उन्होंने पहले भी तीन बार आत्महत्या का प्रयास किया था। शनिवार को उन्होंने घेर की बैठक में खुद को गोली मारकर जान दे दी।
सीओ संग्राम सिंह ने बताया कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और बरामद सुसाइड नोट की जांच की जा रही है। सुसाइड नोट में लिखा है कि मैं अपनी मर्जी से आत्महत्या कर रहा हूं।