'मेरी बेगम आई है...', यह सुनते ही UP पुलिस ने किया जुए की 'महफिल' का पर्दाफाश, 5 लाख बरामद करते हुए 26 को किया गिरफ्तार
Meerut News: मेरठ में पुलिस ने दीपावली से पहले जुए के खिलाफ अभियान के तहत एक मकान पर छापा मारा। ...और पढ़ें

AI जेनरेटिड फोटो
HighLights
दीपावली से पहले मेरठ में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मकान में चल रहा था जुआ।
दो आरोपितों ने गिरफ्तारी का विरोध करते हुए पुलिसकर्मियों पर किया हमला।
24 मोबाइल, ताश की गड्डियां, 17 पहचान, दो कार और 9 बाइक बरामद।
जागरण संवाददाता, मेरठ। दीपावली से पहले जुए के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में देहली गेट पुलिस ने बुढ़ाना गेट चौराहे के सामने एक मकान में छापा मारकर जुए की महफिल का पर्दाफाश किया।
लाेग मकान के प्रथम तल पर 26 लोग ताश के पत्तों पर हार-जीत की बाजी लगा रहे थे। पुलिस ने मौके से सभी 26 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। फड़ से 4.98 लाख रुपये नकद, ताश की गड्डियां और 24 मोबाइल फोन बरामद हुए। इसके अलावा आधार कार्ड, पैन कार्ड, एटीएम व क्रेडिट कार्ड समेत 17 दस्तावेज भी मिले। मौके पर खड़े दो चार पहिया और नौ दोपहिया वाहनों को भी कब्जे में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार दोपहर थानाध्यक्ष देहली गेट राहुल कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान छतरी पीर तिराहे पर मुखबिर ने सूचना दी कि बुढ़ाना गेट चौराहे के सामने एक मकान में 20 से 25 लोग जुआ खेल रहे हैं।
उनके वाहन मकान के बाहर खड़े हैं। सूचना पर पुलिस ने अतिरिक्त फोर्स बुलाया और चौकी प्रभारी बुढ़ाना गेट जितेंद्र कुमार समेत कई पुलिसकर्मियों की टीम तैयार की। पुलिस टीम मुखबिर के बताए मकान में पहुंची तो प्रथम तल पर एक कमरे से लोगों के बातचीत करने की आवाज आ रही थी। पुलिसकर्मियों ने दरवाजे के पास खड़े होकर सुना तो एक व्यक्ति दूसरे से कह रहा था कि 'मेरी बेगम आ गई है, मुझे 50 हजार रुपये दो, मैं जीता हूं।'
इससे पुलिस को कमरे में जुआ खेले जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने कमरे में दबिश दी तो वहां फड़ के चारों ओर 26 लोग बैठे मिले। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के दौरान दो आरोपितों ने उपनिरीक्षक सरविंद और हेड कांस्टेबल इंतजार के साथ हाथापाई करते हुए पुलिस टीम पर हमला किया।
दोनों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए बल प्रयोग किया और सरकारी कार्य में बाधा डाली। पुलिसकर्मियों ने मशक्कत के बाद उन्हें भी पकड़ लिया। इसके बाद सभी 26 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।
फड़ से मिले 4.98 लाख रुपये
पुलिस ने फड़ की तलाशी ली तो वहां से कुल 4,98,300 रुपये बरामद हुए। इनमें 500 रुपये के 968 नोट यानी 4.84 लाख रुपये, 200 रुपये के 33 नोट, 100 रुपये के 65 नोट और 50, 20, 10, पांच व एक रुपये के नोटों के साथ विभिन्न मूल्य के सिक्के शामिल हैं।
इसके अलावा 12-12 ताश की गड्डियों के दो बंडल, ओपल मार्का की 52 पत्तों वाली आठ गड्डियां और छह खुली गड्डियां मिलीं। मौके से 24 मोबाइल फोन, तीन आधार कार्ड, दो पैन कार्ड, नौ एटीएम व क्रेडिट कार्ड, एक निर्वाचन कार्ड और दो ड्राइविंग लाइसेंस भी बरामद किए गए। दो चादरें भी पुलिस ने कब्जे में ली हैं।
जतिन देव किराये पर लेकर चला रहा था जुए का अड्डा
पुलिस पूछताछ में कोतवाली क्षेत्र के मोरीपाड़ा निवासी जतिन देव उर्फ जेडी ने बताया कि उसने यह मकान केशव निवासी पल्लवपुरम से किराये पर लिया था। यहां काफी समय से जुआ खेला और खिलवाया जा रहा था।
जतिन के मुताबिक, मकान मालिक को भी इसकी जानकारी थी और वह इसके लिए अतिरिक्त किराया लेता था। पुलिस का दावा है कि अन्य आरोपितों ने भी जतिन की बताई बातों का समर्थन किया है।
दो कार और नौ बाइक भी कब्जे में
पुलिस ने घटनास्थल के बाहर खड़े दो चार पहिया और नौ दोपहिया वाहनों को भी कब्जे में लिया है। भीड़भाड़ वाला इलाका होने और मौके पर लोगों के आक्रोश को देखते हुए वाहनों को कोतवाली थाने भिजवाया गया। पुलिस के अनुसार, वाहनों को सीज करने की कार्रवाई थाने पहुंचने के बाद की जाएगी।
थानाध्यक्ष राहुल कुमार के मुताबिक, सभी 26 आरोपितों के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 3/4 और बीएनएस की धारा 112 के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों को गवाह बनाने का प्रयास किया, लेकिन कोई भी व्यक्ति तैयार नहीं हुआ।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।