मेरठ: ट्रैक्टर स्टंट और हुड़दंग का विरोध करने पर पूर्व प्रधान की पीट-पीटकर हत्या, तीन महिलाओं समेत 6 घायल
Murder in Meerut: मेरठ के खरकाली गंगा घाट पर ट्रैक्टर से स्टंट और हुड़दंग का विरोध करने पर पूर्व प्रधान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस खूनी संघर्ष में तीन महिलाओं सहित छह अन्य लोग भी घायल हो गए।

बिजेंद्र का फाइल फोटो।
HighLights
परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के खरकाली गंगा घाट का मामला।
20 हमलावरों ने शराब के नशे में किया हमला, मुकदमा दर्ज।
जागरण संवाददाता, मवाना (मेरठ)। परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र में खरकाली गंगा घाट पर ट्रैक्टर से स्टंट व हुड़दंग करने का विरोध करने पर खूनी संघर्ष हो गया। हमलावरों ने हाॅकी, डंडे व लोहे की राड से युवक को बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
बचाव को आए तीन महिलाएं समेत छह लोगों को भी हमला कर घायल कर दिया। हमलावर शराब के नशे में थे। उक्त मामले में दस नामजद समेत 20 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
किठौर थाना क्षेत्र के गांव तरबियतपुर जनूबी बागवाला निवासी पूर्व पधान बिजेंद्र सैनी पुत्र कृष्णपाल स्वजन के साथ ट्रैक्टर-ट्राली से खरकाली गंगा घाट पर स्नान को गए थे। वहीं, गंगा मेले में तंबू लगाकर कस्बा परीक्षितगढ़ के होली चौकी निवासी कुछ लोग डेरा डाले हुए थे। आरोप है कि वह कभी गाली-गलौज करते तो कभी ट्रैक्टर से स्टंट कर रहे थे। हुड़दंग का भाई बिजेंद्र ने विरोध किया तो आरोपित मारपीट पर उतारू हो गए।
मध्य रात्रि करीब एक बजे फिर वह तेज आवाज में डीजे बजाकर हुड़दंग मचाते हुए ट्रैक्टर से स्टंट करने लगे। बिजेंद्र ने फिर विरोध किया तो हमलावर 15-20 की संख्या में हॉकी, डंडों और लोहे की राड से लैस होकर बिजेंद्र को घेर लिया और उस पर हमला कर दिया। जिसमें बिजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
बीच बचाव को आए बिजेंद्र और उसकी पत्नी बबीता, रजत पुत्र बबली और रिश्तेदार विक्की पुत्र सूबे सिंह निवासी लावड़, इंचौली, सतीश पुत्र मूलचंद और उनकी पत्नी सुरेश देवी निवासी फदीनगर, थाना भोजपुर गाजियाबाद, गीता पत्नी सुभाष निवासी जसड़ सुलतानपुर, थाना सरूरपुर को बुरी तरह पीटा जिसमें सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
संघर्ष की सूचना पर पुलिस पहुंची और घायलों को सीएचसी परीक्षितगढ़ ले गए और जहां से हालत गंभीर होने पर मेरठ मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। मेडिकल पर चिकित्सकों ने बिजेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल विक्की की हालत गंभीर होने पर निजी अस्पताल में भर्ती कराया है और अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी। मृतक का बड़ा भाई सुनील कुमार ने दस नामजद समेत 20 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।