विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP पुलिस से हाथ छुड़ाकर थाने से भागा भैंस चोरी का आरोपित, पकड़ने को ऑटो व बस में लटक गए पुलिसकर्मी

By Subhash Kansal Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 27 Feb 2026 06:53 PM (IST)

Meerut News : अलीगढ़ पुलिस किठौर पहुंची और स्थानीय पुलिस को साथ लेकर शाहजहांपुर में दबिश दी। दबिश के दौरान ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

संवाद सूत्र, किठौर (मेरठ)।: अलीगढ़ पुलिस द्वारा भैंस चोरी के मामले में गिरफ्तार एक आरोपित ने किठौर थाने पहुंचते ही पुलिसकर्मी का हाथ छुड़ाकर दिनदहाड़े फरार होने की कोशिश की। आरोपित के अचानक भागने से थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

हालांकि पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते कुछ ही देर में उसे किठौर रजवाहे के पास घेराबंदी कर दोबारा पकड़ लिया गया। मामला कस्बे में चर्चा का विषय बना हुआ है। घटना के बाद थाने की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 फरवरी को अलीगढ़ जनपद में भैंस चोरी की वारदात सामने आई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस को किठौर थाना क्षेत्र के शाहजहांपुर निवासी इमरान (35) पुत्र माशूक कलंदर समेत कई संदिग्धों के नाम प्रकाश में आए।

आरोपितों की तलाश में शुक्रवार को अलीगढ़ पुलिस टीम किठौर पहुंची और स्थानीय पुलिस को साथ लेकर शाहजहांपुर में दबिश दी। दबिश के दौरान पुलिस ने इमरान को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य आरोपित मौके से फरार हो गए।

बताया गया है कि थाने के मुख्य द्वार के पास उतरते समय इमरान ने अचानक साथ चल रहे सिपाही का हाथ झटका और तेजी से दौड़ लगा दी। दिनदहाड़े आरोपित के इस दुस्साहसिक कदम से पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। थाने में मौजूद प्रत्येक सिपाही व दरोगा ने आरोपित के पीछे दौड़ लगा दी और बाइक द्वारा भी पीछा किया। 

इतना ही नहीं थाने पर मौजूद कुछ सिपाही ऑटो व बस में लटक गए और दो सौ मीटर दूर तक आरोपित को पकड़ने में मशक्कत की। करीब दो सौ मीटर दूर आरोपित को किठौर रजवाहे के पास दबोच लिया। पुनः गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपित को सख्त निगरानी में वाहन (इनोवा) में बैठाकर अलीगढ़ के लिए रवाना कर दिया।

इंस्पेक्टर प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपित सिपाही का हाथ छिटककर भाग गया था, लेकिन तत्परता से कार्रवाई करते हुए उसे तुरंत पकड़ लिया गया। वहीं, फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है