Deepak Tyagi Murder: महापंचायत से पहले खजूरी में भाजपा नेताओं की दौड़ तेज, राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर भी पहुंचे
Meerut News गत 25 सितंबर को मेरठ के गांव खजूरी निवासी दीपक त्यागी घर से लापता हो गया था। 27 सितंबर को उसका सिर कटा शव खेत में मिला था। हत्याकांड के राजफाश से स्वजन संतुष्ट नहीं हैं। नौ अक्टूबर को गांव में महापंचायत बुलाई गई है।
मेरठ, जागरण संवाददाता। दीपक हत्याकांड के राजफाश को फर्जी होने का आरोप लगाते हुए त्यागी समाज ने नौ अक्टूबर को महापंचायत का एलान किया है। इस महापंचायत का एलान होते ही मंत्री समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेता खजूरी पहुंचने लगे हैं।
राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर व एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज पहुंचे
शुक्रवार को ऊर्जा राज्यमंत्री सोमेंद्र तोमर, पूर्व जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा व एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज धरनारत लोगों के बीच पहुंचे। उन्होंने दीपक के स्वजन को साथ खड़े होने का आश्वासन देते हुए लखनऊ तक पूरा प्रकरण पहुंचाने का वादा किया। धरने पर जलशक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटीक भी एक दिन पूर्व पहुंचे थे, लेकिन लोगों ने उन्हें भी आड़े हाथ लिया था। जबकि पूर्व विधायक सत्यवीर त्यागी पीड़ितों के साथ न्याय के लिए अधिकारियों से वार्ता करते रहे। वहीं विधान परिषद सदस्य अश्विनी त्यागी, कमलदत्त शर्मा भी पीड़ितों से मिले हैं।
महापंचायत में पहुंचने का आह्वान
प्रस्तावित शोकसभा और महापंचायत में ज्यादा लोग पहुंचने के लिए हिंदू संगठन जोर भरने लगे हैं। शुक्रवार को शीलकुंज में हुई त्यागी ब्राह्मण समाज की बैठक में इसे एक समाज की नहीं, बल्कि हिंदुओं की लड़ाई बताया। इस मौके पर सुनील त्यागी, नितिन त्यागी, प्रदुमन त्यागी, परविंदर त्यागी आदि शामिल रहे।
महापंचायत में आने से रोकने पर एडीजी कार्यालय के घेराव की चेतावनी
मेरठ। कमिश्नरी पार्क में धरनारत त्यागी भूमिहार ब्राह्मण समाज मोर्चा ने सर्वसमाज के लोगों से खजूरी पहुंचने की अपील की। कमिश्नरी पार्क में धरने पर बैठे मोर्चे के कुलदीप त्यागी ने एक वीडियो जारी कर अपील की है कि दीपक त्यागी के स्वजन को न्याय नहीं मिला है। वीभत्स हत्याकांड में पांच प्रमुख मांगों को लेकर नौ अक्टूबर को परीक्षितगढ़ के खजूरी गांव में सर्वसमाज की महापंचायत बुलाई गई है। त्यागी ने पुलिस को चेतावनी दी कि यदि महापंचायत में आने से किसी को रोका गया तो मेरठ में एडीजी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। कुलदीप ने यह भी बताया कि श्रीकांत त्यागी प्रकरण में देहात में जनसभाएं नहीं होंगी। अब कमिश्नरी पार्क में चल रहे धरने पर ही पूरा फोकस रहेगा। इस दौरान ज्ञानेश्वर त्यागी, ललित शर्मा, प्रदीप त्यागी, केके त्यागी, रविन्द्र ध्यानी, महिंद्र त्यागी, सोनू त्यागी, अंकित त्यागी, प्रशांत त्यागी, हिमांशु त्यागी आदि मौजूद रहे।