RRTS स्टेशन के बाद बेगमपुल पर जमीन के नीचे क्या बन रहा है? लोगों को मिलेगा रोजगार
बेगमपुल के पास आबूलेन बाजार का विस्तार अब भूमिगत हिस्से में होगा, जहां 3178 वर्ग मीटर क्षेत्र में 30 से ...और पढ़ें

(Photo Source - AI Generated)
HighLights
बेगमपुल के पास भूमिगत आबूलेन बाजार का विस्तार।
3178 वर्ग मीटर में 30 से अधिक दुकानें खुलेंगी।
एनसीआरटीसी ने 25 साल के लाइसेंस के लिए टेंडर निकाले।
जागरण संवाददाता, मेरठ। बेगमपुल के पास आबूलेन बाजार शहर के भव्य और आधुनिक बाजार में शामिल है। अब इसका विस्तार बेगमपुल स्टेशन के भूमिगत हिस्से में भी होने जा रहा है। यहां पर व्यावसायिक कार्य के लिए 3178 वर्ग मीटर क्षेत्र आरक्षित है। इसमें अब दुकानें खुलेंगी।
एनसीआरटीसी ने इस पूरे हिस्से का लाइसेंस देने के लिए टेंडर आमंत्रित किया है। जो कंपनी इसका टेंडर हासिल करेगी वह कंपनी इस पूरे क्षेत्रफल में अपने हिसाब से विभिन्न तरह के शोरूम, आउटलेट, विभिन्न तरह की दुकानें तैयार करके किराए पर दे सकेगी।
माना जा रहा है इतने क्षेत्रफल में 30 से अधिक दुकानें खुल सकेंगी। इसका लाइसेंस 25 साल तक के लिए मिलेगा। उसके बाद पांच साल का विस्तार मिल सकता है। लाइसेंस हासिल करने के लिए बोली लगानी होगी, जिसके लिए एनसीआरटीसी या फिर भारत सरकार की टेंडर वाली वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं।
मेरठ के आठ स्टेशनों में दुकान खोलें,14 से लेकर 128 वर्ग मी. तक क्षेत्रफल
नमो भारत स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए एनसीआरटीसी ने मेरठ के आठ स्टेशनों पर मौजूद कमर्शियल स्पेस की लाइसेंसिंग के लिए निविदा आमंत्रित की है। यहां पर दुकान आदि खोल सकेंगे।
इसमें बेयर (अनिर्मित) और बिल्ट-अप (निर्मित संरचना के साथ) यानी दोनों तरह के कमर्शियल स्पेस शामिल हैं। यहां पर लाइसेंस नौ से 15 वर्ष तक के लिए मिल सकता है।
इन कमर्शियल स्थानों का उपयोग यात्रियों की जरूरतों से जुड़ी सुविधाओं जैसे फूड और बेवरेज आउटलेट्स, कैफे, कन्विनिएंस स्टोर्स, सर्विस सेंटर, पाड सेवाओं और अन्य रिटेल गतिविधियों के लिए किया जा सकेगा। जिनका आकार 14 वर्ग मीटर की छोटी यूनिट से लेकर 128 वर्ग मीटर तक है। मेरठ में परतापुर, रिठानी,शताब्दीनगर, भैंसाली,एमईएस, डोरली, मेरठ नार्थ व मोदीपुरम शामिल हैं।
