मेरठ में नमो भारत कॉरिडोर के पास बसेगी नई टाउनशिप, 549 एकड़ में बनेगा इंडस्ट्रियल एरिया
मेरठ विकास प्राधिकरण शहर में 549 एकड़ का औद्योगिक क्षेत्र और 101 एकड़ की आवासीय टाउनशिप विकसित करेगा। यह परियोजना नमो भारत कॉरिडोर के पास टीओडी जोन में होगी।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
मेडा मेरठ में 549 एकड़ औद्योगिक क्षेत्र विकसित करेगा।
नमो भारत कॉरिडोर के पास 101 एकड़ आवासीय टाउनशिप बनेगी।
किसानों की सहमति से भूमि अधिग्रहण, मुख्यमंत्री योजना से धनराशि।
प्रदीप द्विवेदी, मेरठ। शहर के अंदर औद्योगिक और आवासीय प्लॉट की समस्या का समाधान होने वाला है। मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) ने शहर में ही एक औद्योगिक क्षेत्र और एक टाउनशिप विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया है। इसे अब स्वीकृति के लिए शासन को भेजा जाएगा।
शासन से मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत धनराशि की मांग की जाएगी। यदि शासन से स्वीकृति मिल जाएगी तो यह शहर में बड़े स्तर पर बदलाव लाने वाली परियोजना साबित होगी। भूमि की खरीद किसानों से सहमति के आधार पर होगा। औद्योगिक क्षेत्र 549 एकड़ में विकसित किया जाएगा।
इसके लिए पहले से ही महायोजना में औद्योगिक भूउपयोग वाली जमीन चिह्नित है। वहीं 101 एकड़ जमीन खरीदकर आवासीय टाउनशिप विकसित की जाएगी। इन दोनों के लिए नगर निगम के क्षेत्र के रिठानी, मोहकमपुर, कुंडा और सुंदरा उर्फ पूठा से जमीन खरीदी जाएगी।
प्रस्तावित टाउनशिप नमो भारत कॉरिडोर पर लागू ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (टीओडी) जोन में है। टीओडी के निर्धारित चिह्नित दायरे 1.5 किमी के अंतर्गत आता है। यह शताब्दी नगर, रिठानी और परतापुर स्टेशनों के आसपास पड़ती है।
औद्योगिक क्षेत्र के लिए चिह्नित 821 गाटा के करीब 2,451 किसान प्रभावित होंगे। इसके लिए भूमि खरीद पर करीब 1,669 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं आवासीय टाउनशिप में 99 गाटा के करीब 420 किसान प्रभावित होंगे। इसके लिए भूमि खरीद पर 263 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
आवासीय टाउनशिप नीचे दुकान, ऊपर मकान का रहेगा सिद्धांत
प्रस्तावित टाउनशिप का विकास ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (टीओडी) नीति के तहत किया जाएगा। इस नीति के तहत मिश्रित भूउपयोग का लाभ मिलता है। इसके अंतर्गत किसी प्लाट में एक भवन के बजाय फ्लैटेड व्यवस्था को बढ़ावा दिया जाता है। इसमें एक ही भवन में शापिंग कांप्लेक्स, आवासीय फ्लैट रखने की छूट रहती है। परिवहन कॉरिडोर के आसपास अधिक से अधिक सुविधा उपलब्ध कराने के लिए इस तरह से मिश्रित कार्य को अनुमति दी जाती है।
यह भी पढ़ें- मेरठ में इनर रिंग रोड का खाका तैयार, शताब्दीनगर-जुर्रानपुर हिस्से के लिए दीपावली के बाद होगी जमीन की खरीद
औद्योगिक क्षेत्र के लिए गांव व भूमि
गांव भूमि
- रिठानी 329 एकड़
- मोहकमपुर 82 एकड़
- कुंडा 71 एकड़
- सुंदरा उर्फ पूठा 66
- कुल 549 एकड़
आवासीय टाउनशिप के लिए गांव व भूमि
गांव भूमि
- कुंडा 101 एकड़
औद्योगिक क्षेत्र व आवासीय टाउनशिप के लिए प्रस्ताव जल्द शासन को भेजा जाएगा। इसके लिए खसरा का चिह्नांकन कर लिया गया है। किसानों से सहमति के आधार पर भूमि खरीदी जाएगी। -संजय कुमार मीना, उपाध्यक्ष, मेडा।
