विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीएम ग्रिड योजना: मेरठ में जेलचुंगी-तेजगढ़ी फोरलेन सड़क का निर्माण जल्द, मिलेगी जाम से मुक्ति

Published: Sat, 03 Oct 2026 03:30 PM (IST)

मेरठ में जेलचुंगी से तेजगढ़ी तक 51 करोड़ की लागत से नई फोरलेन सड़क को सीएम ग्रिड योजना के तहत मंजूरी मिल गई है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. जेलचुंगी से तेजगढ़ी तक 51 करोड़ की फोरलेन सड़क।

  2. सीएम ग्रिड योजना के तहत मिली परियोजना को मंजूरी।

  3. अक्टूबर अंत तक निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद।

जागरण संवाददाता, मेरठ। सीएम ग्रिड योजना के तहत एक और सड़क को मंजूरी मिल गई है। जेलचुंगी चौराहे से तेजगढ़ी चौराहे तक करीब 51 करोड़ की लागत से फोरलेन सड़क बनाई जाएगी। नगर निगम ने इसका प्रस्ताव शासन को भेजा था।

चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, सर छोटू राम इंजीनियरिंग कालेज, जीएसटी कार्यालय, कई हास्पिटल, बैंक इसी मार्ग के किनारे हैं। इसका प्रारंभिक डिजाइन तैयार हो गया है। फुटपाथ, भूमिगत बिजली लाइन, डिवाइडर सहित कवर्ड नाले, ग्रीन बेल्ट सहित सभी मानकों को ध्यान में रखकर सड़क बनाई जाएगी। जेलचुंगी चौराहे का चौड़ीकरण पहले से प्रस्तावित है।

निगम अधिकारियों का दावा है कि यह सड़क नए सिरे से चौड़ी होने से ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। निर्माण एजेंसी का चयन हो चुका है। गत दिनों कमिश्नर भानु चंद्र गोस्वामी के सामने डिजाइन का प्रजेंटेशन हुआ था। इसमें कुछ सुधार के बाद दोबारा प्रजेंटेशन होना है। अक्टूबर के अंत तक निर्माण शुरू हो जाएगा।

मौजूदा समस्याएं

  • सड़क किनारे व्यवस्थित फुटपाथ नहीं हैं और कई जगह ये टूटे हुए हैं।
  • रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं और अवैध पार्किंग से सड़क और फुटपाथ संकरे हो गए हैं।
  • सड़क के बीच या किनारों पर लटकते बिजली के तार और खंभे यातायात में बाधा डालते हैं।
  • बसों के ठहरने के लिए कोई निर्धारित और सुव्यवस्थित स्टापेज नहीं है।
  • सड़क पर ग्रीन बेल्ट सही से विकसित नहीं है।

ये सुविधाएं की जाएंगी विकसित

  • पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए बाधा रहित और चौड़े फुटपाथों का निर्माण किया जाएगा।
  • अवैध पार्किंग रोकने के लिए आन स्ट्रीट पार्किंग जोन और स्ट्रीट वेंडर्स के लिए जगह निर्धारित होगी।
  • यात्रियों की सुविधा के लिए व्यवस्थित आधुनिक स्क्रीन वाले बस शेल्टर बनाए जाएंगे।
  • सड़क के दोनों ओर व डिवाइडर पर ग्रीन बेल्ट विकसित की जाएगी।
  • आधुनिक स्ट्रीट लाइट्स और भूमिगत केबल के जरिए मार्ग को आकर्षक व सुरक्षित बनाया जाएगा।

सीएम ग्रिड योजना के तहत प्रमुख सड़कों को मानकों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। इसी कड़ी में जेलचुंगी चौराहे से तेजगढ़ी चौराहे तक की सड़क की मंजूरी मिलने के बाद निर्माण के लिए एजेंसी का चयन कर लिया है। जल्द डिजाइन फाइनल करके काम शुरू कराया जाएगा।

-सौरभ गंगवार, नगर आयुक्त

यह भी पढ़ें- प्रयागराज में यमुना पर बनेगा नया फोर लेन पुल, बढ़ेगी MP व छत्तीसगढ़-झारखंड की कनेक्टिविटी; मिलेगी जाम से मुक्ति

यह भी पढ़ें- पश्चिमी दिल्ली को जल्द मिलेगी जाम से मुक्ति, अंतिम चरण में नवादा मेट्रो स्टेशन के पास सीवर लाइन से जुड़ा काम