विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

धनतेरस पर सुरक्षा का मेगा प्लान तैयार, बाजारों में ड्रोन से होगी निगरानी<bha>;</bha> 14 जोन और 32 सेक्टरों में बंटा शहर

By Sushil Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 06 Nov 2026 05:30 AM (IST)

मेरठ पुलिस ने धनतेरस और दीपावली के लिए सुरक्षा का मेगा प्लान तैयार किया है, जिसमें बाजारों की निगरानी ड्रोन ...और पढ़ें

सदर बाजार में लगाई गई बैरिकेडिंग। जागरण

सदर बाजार में लगाई गई बैरिकेडिंग। जागरण

HighLights

  1. बाजारों की निगरानी ड्रोन और आईपी कैमरों से होगी।

  2. शहर को 14 जोन और 32 सेक्टरों में बांटा गया है।

  3. सराफा बाजार में हथियारबंद पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।

जागरण संवाददाता, मेरठ। धनतेरस और दीपावली पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ के बीच सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस ने सुरक्षा का मेगा प्लान तैयार किया है। बाजारों में सीसीटीवी और आइपी कैमरों से चप्पे-चप्पे की निगरानी होगी तो ड्रोन भी आसमान से सुरक्षा व्यवस्था परखेंगे। अफसर अपने मोबाइल से ही बाजारों की गतिविधियों और पुलिसकर्मियों की ड्यूटी पर नजर रख सकेंगे। शहर को 14 जोन और 32 सेक्टरों में बांटकर अधिकारियों से लेकर चौकी प्रभारियों तक की जिम्मेदारी तय कर दी गई है।

गुरुवार से ही बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ने लगी है। आबूलेन, सदर बाजार, बांबे बाजार, शहर सराफा, घंटाघर, वैली बाजार, शारदा रोड, गंगानगर और कंकरखेड़ा समेत प्रमुख बाजारों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। शुक्रवार को देर रात तक पुलिस बाजारों और प्रमुख सड़कों पर मुस्तैद रहेगी। सर्किल आफिसर अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर ड्यूटी की निगरानी करेंगे।

थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी भी पुलिसकर्मियों के साथ बाजारों में मौजूद रहेंगे। महिला पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने शहर को 14 जोन और 32 सेक्टरों में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी तय की है। प्रत्येक जोन में सीओ और सेक्टर में थाना प्रभारी जिम्मेदारी संभालेंगे। अतिरिक्त पुलिस बल में 18 इंस्पेक्टर, लाइन से भेजे गए 505 दारोगा, 125 हेड कांस्टेबल और सिपाही, क्यूआरटी के 100 जवान तथा 260 महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं। दो कंपनी आरएएफ और पीएसी को भी सुरक्षा में लगाया गया है। इंटरनेट मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी पुलिस की नजर रहेगी।

15 प्वाइंटों पर बैरियर, आठ जगह दमकल
त्योहार पर यातायात व्यवस्था बिगाड़ने और बाइक-कार से स्टंट करने वालों पर अंकुश लगाने के लिए शहर में 15 प्वाइंटों पर बैरियर लगाए गए हैं। इन स्थानों पर 24 घंटे पुलिस पिकेट तैनात रहेगी। पूर्व में आग लगने की घटनाओं को देखते हुए आठ स्थानों पर दमकल की गाड़ियां खड़ी कराई गई हैं, ताकि सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचा जा सके। आबूलेन चौकी, घंटाघर और बेगमपुल समेत प्रमुख स्थानों पर दमकल की व्यवस्था की गई है।

सराफा बाजार में हथियारबंद पुलिस, व्यापारियों को मिलेगी सुरक्षा
आबूलेन, सदर बाजार और शहर सराफा में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। सराफा बाजार में हथियारबंद पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। व्यापारियों को नकदी और कीमती सामान ले जाने में सुरक्षा की जरूरत होने पर पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। बाजारों में यातायात व्यवस्था संभालने के लिए थानों से भी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

बाजारवार सुरक्षा का खाका
आबूलेन और सदर बाजार : आबूलेन, बांबे बाजार, सदर बाजार, फव्वारा चौक और शिवचौक को पांच सेक्टरों में बांटा गया है। 14 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। प्रत्येक सेक्टर में एक दारोगा और उसके साथ दो सिपाही रहेंगे। ई-रिक्शा प्रतिबंधित रहेंगे। बंगला नंबर 180 और 173 में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। आबूलेन चौकी पर दमकल की गाड़ी रहेगी। संपर्क नंबर : 9454403995।

शारदा रोड और मेट्रो प्लाजा : शारदा रोड को तीन सेक्टरों में बांटा गया है। यहां आठ और मेट्रो प्लाजा में सात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। शारदा रोड पर चौकी प्रभारी और मेट्रो प्लाजा में रेलवे रोड थाने की पुलिस जिम्मेदारी संभालेगी। संपर्क नंबर : 9454403972।

घंटाघर, वैली बाजार और शहर सराफा : पांच सेक्टरों में बांटकर प्रत्येक की जिम्मेदारी एक दारोगा को दी गई है। कोतवाली और देहलीगेट पुलिस सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था भी संभालेगी। कोतवाली सीओ को सराफा बाजार की जिम्मेदारी दी गई है। घंटाघर पर टाउनहाल पार्किंग और दमकल की व्यवस्था रहेगी। संपर्क नंबर : 9454403974।

गंगानगर : डिवाइडर रोड और मवाना रोड के बाजारों को आठ सेक्टरों में बांटा गया है। गंगानगर थाने के आठ दारोगा तैनात रहेंगे। यातायात व्यवस्था के लिए 22 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। सीओ सदर बाजार को सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। संपर्क नंबर : 7839855504।

कंकरखेड़ा और पल्लवपुरम : श्रद्धापुरी, शिवचौक और अंदर बाजार समेत प्रमुख बाजारों को सेक्टरों में बांटकर पुलिस तैनात की गई है। यातायात व्यवस्था के लिए 19 पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। सीओ दौराला निगरानी करेंगे। संपर्क नंबर : 9454403980।

लालकुर्ती और बाउंड्री रोड : बाजार को नौ सेक्टरों में बांटा गया है। प्रत्येक सेक्टर की जिम्मेदारी एक दारोगा को दी गई है। बेगमपुल पर दमकल की गाड़ी रहेगी। लालकुर्ती बाजार में मेट्रो अस्पताल और नैयर पैलेस के पास पुरानी पार्किंग की व्यवस्था की गई है। संपर्क नंबर : 9454403984।

आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
-सेवा संपर्क नंबर |
पुलिस कंट्रोल रूम | 112 |
शहर पुलिस | 9454401587 |
देहात पुलिस | 9454417431 |
यातायात पुलिस | 9454404000 |

ऊर्जा निगम हेल्पलाइन | 1912 |
ऊर्जा निगम आपातकालीन कंट्रोल रूम | 9193330312 |
गेल गैस सर्विस | 0121-2603559, 2603560 |
एलएलआरएम मेडिकल कालेज | 0121-2976264 |
पीएल शर्मा जिला अस्पताल | 9410609434 |
नगर निगम | 8395881826 |

आग लगने पर फायर सर्विस के नंबर
112, 9454418746, 9454418747, 9454418748, 9454418749, 9454418750, 9454418751
* फायर स्टेशन परतापुर : 9454418751
* फायर स्टेशन घंटाघर : 7839864839
* फायर स्टेशन मवाना : 9454418749

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए
धनतेरस और दीपावली पर बाजारों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी के साथ ड्रोन से भी सुरक्षा व्यवस्था परखी जाएगी। थाना प्रभारी और चौकी प्रभारियों तक की जिम्मेदारी तय की गई है। सराफा बाजार में हथियारबंद पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। किसी व्यापारी को नकदी या कीमती सामान ले जाने में सुरक्षा की जरूरत है तो वह पुलिस की मदद ले सकता है।
कलानिधि नैथानी, डीआइजी

संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

बाजारों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सीओ और एएसपी अपनी टीम के साथ लगातार भ्रमण करेंगे। इंटरनेट मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी नजर रखी जा रही है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
भानु भास्कर, एडीजी मेरठ जोन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।