विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ मेडिकल कॉलेज में 35 करोड़ की लागत से बनेगा पैरामेडिकल ब्लॉक, स्वास्थ्य सेवाओं में होगा सुधार; रोजगार के बढ़ेंगे अवसर

By Dileep Patel Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 26 Nov 2026 07:03 PM (GMT+05:30)

लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज, मेरठ में 35 करोड़ रुपये की लागत से पैरामेडिकल ब्लॉक स्थापित करने को शासन से मंजूरी मिल गई है। इससे स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधरेगी और युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।

News Article Hero Image

HighLights

  1. शासन से मंजूरी, डीपीआर तैयार, जल्द शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया।

  2. 15 दिसंबर तक धनराशि की पहली किश्त मिलने की संभावना।

जागरण संवाददाता, मेरठ। लाला लाजपत राय मेडिकल काॅलेज के परिसर में ही 35 करोड़ रुपये से पैरा मेडिकल ब्लाॅक की स्थापना की जाएगी। इसकी शासन से मंजूरी हो गई है। जलनिगम सी एंड डीएस ने डीपीआर तैयार कर स्वीकृति के लिए भेज दिया है।

इसके सापेक्ष शासन से धनराशि जारी होगी। जिसके बाद टेंडर निकाला जाएगा। अधिकारियों का दावा है कि काम शुरू करने के लिए 15 दिसंबर तक धनराशि की पहली किश्त मिल सकती है।

पैरामेडिकल ब्लाॅक बनाने का आंकलन प्रस्ताव मेडिकल कालेज के प्राचार्य डाॅ. आरसी गुप्ता ने जलनिगम सीएंडडीएस से बनवाकर भिजवाया था। चार मंजिला भवन बनाने में करीब 35 करोड़ रुपये की लागत का अनुमान लगाया गया है। पैरामेडिकल ब्लॉक के बनने से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार आएगा।

दरअसल, इससे प्रशिक्षित स्टाफ की उपलब्धता होगी। जिससे मेडिकल कालेज के डाक्टरों पर काम का बोझ कम होगा। लैब टेक्नीशियन, एक्स-रे, कार्डियो, ओटी और डायलिसिस टेक्नीशियन मिलने से आधुनिक मशीनों का बेहतर उपयोग हो सकेगा। वर्तमान में मेडिकल में लैब टेक्नीशिन, एक्स-रे, कार्डियो, ओटी और डायलिसिस टेक्नीशियन की पढ़ाई होती है।

आने वाले समय में मेडिकल कालेज में 100 बेड का क्रिटिकल केयर सेंटर, 100 बेड का ट्रामा सेंटर भी संचालित होना है। अगले छह माह में इनके बनकर तैयार होने की उम्मीद है। इसके अलावा 100 बेड का जच्चा-बच्चा ब्लाक भी बनाया जा रहा है। ऐसे में पैरामेडिकल स्टाफ की नितांत जरूरत पड़ेगी। पैरामेडिकल ब्लाॅक बनने से यह कमी पूरी हो सकेगी।

इसके साथ ही स्थानीय युवाओं को पैरामेडिकल में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। मेडिकल कालेज के प्राचार्य डाॅ. आरसी गुप्ता ने बताया कि शासन ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। डीपीआर भी भेज दिया गया है। धनराशि मिलते ही काम शुरू करने के लिए टेंडर प्रक्रिया की जाएगी। उम्मीद है कि 15 दिसंबर तक धनराशि मिल सकती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।