विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बदहाल हैं मेरठ के बाजार! दावा दो शिफ्ट में कूड़ा कलेक्शन का... बाजारों में फिर भी लगे हैं कचरे के ढेर

By Dileep Patel Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 15 Nov 2026 07:28 PM (IST)

मेरठ के बाजारों में दो शिफ्ट में कूड़ा कलेक्शन के दावों के बावजूद गंदगी और कचरे के ढेर लगे हुए ...और पढ़ें

रिठानी बाजार से 100 मीटर की दूरी पर खाली जगह में लगा कचरे का ढेर। जागरण

रिठानी बाजार से 100 मीटर की दूरी पर खाली जगह में लगा कचरे का ढेर। जागरण

HighLights

  1. बाजारों में दो शिफ्ट कलेक्शन के दावों के बावजूद कचरा

  2. शारदा रोड, सदर दाल मंडी, आबूलेन में कचरे के ढेर

  3. अनियमित कूड़ा कलेक्शन और खराब रोशनी से परेशानी

जागरण संवाददाता, मेरठ। बाजारों की रौनक स्वच्छता और रोशनी से बढ़ती है, लेकिन दीपावली बीतने के बाद भी कई बाजारों में अंधेरा है। सफाई के दावे भी हकीकत से मेल नहीं खाते। नगर निगम और कैंट बोर्ड तो दो शिफ्ट में कूड़ा कलेक्शन का दावा करते हैं, लेकिन बाजारों में कचरे के ढेर फिर भी लगे रहते हैं। दैनिक जागरण की पड़ताल में प्रमुख बाजारों के आसपास कचरे के ढेर मिले।

शारदा रोड बाजार में बिजली उपकेंद्र के सामने सड़क पर कूड़ा जमा होता है। इसे रोजाना दुकानें खुलने के बाद सुबह 11.30 बजे उठाया जाता है। सदर दाल मंडी में प्रवेश करते ही ट्रांसफार्मर के पास कचरे के ढेर दिखते हैं। सदर बाजार की सब्जी मंडी में छोटे-छोटे ढेर पूरे दिन पड़े रहते हैं। आबूलेन में नाले के किनारे कचरा फैला है। वहां पार्किंग में वाहन खड़े कर बाजार आने वालों को दुर्गंध से परेशानी होती है। शिवचौक मंदिर के पास खाली जगह पर फिर कूड़ा डाला जाने लगा है। पिछले दिनों कैंट बोर्ड ने यहां सफाई कराई थी।

योगेंद्र हाट वाले रास्ते पर कूड़ाघर जैसी स्थिति है। गंदगी के कारण बांबे बाजार जाने वालों ने इस रास्ते से आना-जाना बंद कर दिया है। लालकुर्ती बाजार में पुलिस चौकी के पास और पीएल शर्मा रोड पर दो जगह कचरा मिला। रिठानी बाजार के प्रवेश से पहले दिल्ली रोड पर रखे बड़े डस्टबिन भरे थे, जबकि घोपला रोड किनारे कचरे का अंबार लगा है। कैंट क्षेत्र हो या नगर निगम का, बाजारों में सफाई की स्थिति खराब है। दीपावली पर कामचलाऊ तरीके से लगाई गईं स्ट्रीट लाइटों में से बड़ी संख्या में खराब हैं।

डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन की गाड़ी नियमित नहीं आती
बाजार में करीब 250 दुकानें हैं। डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन की गाड़ी नियमित नहीं आती। कुछ दिन पहले निगम अधिकारियों ने बैठक में नियमित गाड़ी और दो शिफ्ट में सफाई का आश्वासन दिया था, लेकिन पहली शिफ्ट में भी पूरी सफाई नहीं हो रही। बाजार से कूड़ा नहीं उठने के कारण घोपला रोड किनारे ढेर लग रहा है।
-आदित्य शर्मा, महामंत्री, रिठानी बाजार व्यापार संघ।

बाजार खुलने से पहले कूड़ा उठाया जाए
बाजार में 800 से ज्यादा दुकानें हैं और हर दुकान से दो से तीन किलो कूड़ा निकलता है। बिजली उपकेंद्र के पास कूड़ा डंप होता है और नगर निगम दोपहर 12 बजे तक उसे उठवाता है। बाजार खुलने से पहले कूड़ा उठाने और सफाई कराने की मांग कई बार की गई, लेकिन बदलाव नहीं हुआ।
-मनीष शर्मा,अध्यक्ष,शारदा रोड व्यापार संघ।

प्रमुख बाजारों में दो शिफ्ट में उठता है कूड़ा
किसी भी दिन बाजारों में कूड़ा कलेक्शन और सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण होगा। समय पर गाड़ी न पहुंचने या कूड़ा न उठने पर संबंधित सुपरवाइजर और एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उनके अनुसार, प्रमुख बाजारों में दो शिफ्ट में कूड़ा उठता है और व्यापार संघों से बात कर गाड़ियों का समय तय किया गया है।
-डा. अमर सिंह,नगर स्वास्थ्य अधिकारी।

लोग डस्टबिन के बजाय सड़क पर कूड़ा फेंकते हैं
-सदर बाजार के रंगसाज मुहल्ले और सब्जी मंडी में कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन बने हैं। बूचरी रोड पर स्टेशन बनने के बाद लालकुर्ती बाजार में कूड़ा डालना बंद हुआ है। सुबह और रात की शिफ्ट में कूड़ा उठता है, फिर भी कुछ लोग डस्टबिन के बजाय सड़क पर कूड़ा फेंकते हैं। ऐसे लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई शुरू की जाएगी।
-वीके त्यागी,सफाई अधीक्षक, कैंट बोर्ड।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।