अतिक्रमण का दंश! मेरठ के बाजारों में नाले-नालियां, फुटपाथ और रोड-पटरी सब पर कब्जा, सड़कें बन गईं गलियां
मेरठ के मुख्य बाजारों में अतिक्रमण एक गंभीर समस्या बन गया है, जिससे सड़कें गलियों में बदल गई हैं और ...और पढ़ें

मेरठ में घंटाघर से वैली बाजार तक अतिक्रमण की चपेट में सड़क। जागरण
HighLights
मेरठ के मुख्य बाजारों में अतिक्रमण से सड़कें संकरी हुईं।
फुटपाथ, नाले और रोड पटरियों पर अवैध कब्जा बढ़ा।
प्रशासन ने 20 नवंबर तक अतिक्रमण हटाने का आश्वासन।
जागरण संवाददाता, मेरठ। शहर की धड़कन कहे जाने वाले मुख्य बाजार आज विकास और आधुनिकता के नहीं, बल्कि अनियंत्रित अतिक्रमण की बदरंग तस्वीर बयां कर रहे हैं। पीएल शर्मा रोड से लेकर आबूलेन, सदर बाजार, घंटाघर से वैली बाजार, खैरनगर दवा बाजार, शहर सराफा, शारदा रोड, लालकुर्ती, बांबे बाजार और कंकरखेड़ा तक हर तरफ सड़क पर कब्जा जमाने की होड़ है।
हाल यह है कि खरीदारी के लिए निकले लोगों के कदम खुद ब खुद ठहर जाते हैं। दुकानों के सामने नाले, फुटपाथ और रोड पटरियों पर सजे दुकानदारों के सामान, अवैध ठेलों और बेतरतीब खड़े वाहनों ने चौड़ी सड़कों को गलियों में तब्दील कर दिया है। पैदल चलना दूभर है। सदर बाजार, शहर सराफा, वैली बाजार में तो दोपहिया वाहन चालकों को निकलने के लिए इंच-इंच संघर्ष करना पड़ रहा है। एंबुलेंस और फायर बिग्रेड जैसी आपातकालीन गाड़ियां भी इस अंतहीन जाम में जरूरत के समय प्रवेश नहीं कर सकती हैं।
अक्सर प्रशासनिक स्तर से समय-समय पर कागजों पर अभियान चलाने के दावे तो खूब किए जाते हैं, लेकिन जब समय अमलीजामा पहनाने का आता है तो ये अभियान हवा हो जाते हैं। नतीजा सबके सामने है। बाजारों में जाम से जूझती आम जनता की रोज की झल्लाहट जिम्मेदारों से यही सवाल पूछ रही है कि इस नासूर से मेरठ को मुक्ति कब मिलेगी।
शिकायतों के बाद भी नहीं हट रहा अतिक्रमण
जब जिम्मेदार विभाग की मौन हो जाएंगे तो अतिक्रमण सिर उठाएगा ही। बात घंटाघर से वैली बाजार और खैरनगर बाजार के मोड़ तक डिवाइडर किनारे फलों के ठेले लग जाते हैं। रोड पटरी पर दुकानें सज जाती हैं। आधी से ज्यादा सड़क घिर जाती है और आने-जाने में बीच में संकरा रास्ता बचता है, जो जाम की वजह बनता है। इस अतिक्रमण को हटवाने की मांग सराफा कारोबारियों ने कई बार की। डीएम, नगर आयुक्त, एसएसपी और एसपी ट्रैफिक सभी से सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की, लेकिन जिम्मेदारों को कोई फर्क नहीं पड़ा। हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। घंटाघर से वैली बाजार, कबाड़ी बाजार, शहर सराफा और खैरनगर दवा बाजार जाने में लोगों को अतिक्रमण से संघर्ष करना पड़ता है।
दुकानों के आगे स्टैंड से घिरे फुटपाथ
किसी भी बाजार में जाएं एक चलन तेजी से बढ़ रहा है। दुकानों के ऊपर तो नाम का बोर्ड लगा ही है। दुकानों में क्या-क्या खास है, यह दर्शाते विज्ञापन स्टैंडी दुकान के आगे पैदल चलने के फुटपाथ और रोड़ पटरी पर रख दिए जाते हैं। जिससे पैदल चलने का रास्ता भी बंद हो जाता है। इसके चलते लोगों को सड़क पर चलते वाहनों के बीच से गुजरना पड़ता है। न केवल दुर्घटना का खतरा होता है बल्कि जाम भी लगता है।
दुकानदारों से भी अपील है कि...
हमने कई बार डीएम, नगर आयुक्त, एसपी ट्रैफिक से यह मांग की है कि घंटाघर से वैली बाजार-खैरनगर बाजार के मोड़ तक सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। इस रास्ते से लोग शहर सराफा तक आते हैं। जाम तो लगता ही है, सुरक्षा का भी खतरा रहता है। दुकानदारों से भी अपील है कि वे अपनी दुकानों का सामान फुटपाट और रोड पटरी पर न रखें। आने-जाने के लिए सड़क को छोड़ें
-नरेश माहेश्वरी, महामंत्री, शहर सराफा व्यापार मंडल।
सड़क से अतिक्रमण हटना चाहिए
सदर बाजार में दीपावली के त्योहार से पहले कैंट बोर्ड सीईओ और एसपी ट्रैफिक ने भ्रमण किया था। सड़क पर मेज लगाकर दुकानें लगाने वालों पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी थी, लेकिन कुछ नहीं हुआ। इससे बड़े प्रतिष्ठान-दुकान खोलकर बैठे दुकानदारों को नुकसान होता है। सड़क से अतिक्रमण हटना चाहिए। व्यापार संघ भी दुकानदारों से अपना सामान अंदर रखने की अपील कर रहा है।
-सुनील दुआ, महामंत्री, सदर बाजार व्यापार मंडल।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी
सदर बाजार, आबूलेन, बांबे बाजार, लालकुर्ती सभी जगह अतिक्रमण की शिकायत है। एक सप्ताह के भीतर ट्रैफिक पुलिस के सहयोग से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी। सड़क पटरी खाली कराई जाएगी।
-जाकिर हुसैन, सीईओ कैंट बोर्ड।
फुटपाथ, नाले और रोड पटरी से अतिक्रमण हटाया जाएगा
त्योहारी सीजन के चलते अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई बंद थी। अब त्योहार समाप्त हो गए हैं। ट्रैफिक पुलिस के साथ नगर निगम के प्रवर्तन दल को भेजकर बाजारों में फुटपाथ, नाले और रोड पटरी से अतिक्रमण हटाया जाएगा। चाहे घंटाघर क्षेत्र का मामला हो या पीएल शर्मा रोड, सभी व्यापार संघों से बात करके अभियान चलाया जाएगा। यह कार्रवाई 20 नवंबर तक शुरू होगी।
-सौरभ गंगवार, नगर आयुक्त।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।