हत्या के बाद रातभर नींद नहीं आई, सुबह मां को सुनाई कत्ल की दास्तां... शराब पिलाकर उगलवाया था सच
मेरठ में विशाल ने अपनी पत्नी के प्रेमी सन्नी की शराब पिलाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद विशाल ने मां को बताया, जिसके बाद परिवार उसे थाने ले गया।

टीपीनगर थाने में बेटे सागर की हत्या होने पर विलाप करती मां रेखा। जागरण
HighLights
विशाल ने अपनी पत्नी के प्रेमी सन्नी की नृशंस हत्या की।
शराब पिलाकर सन्नी से प्रेम संबंध का सच उगलवाया।
हत्या के बाद मां को बताई पूरी वारदात की कहानी।
जागरण संवाददाता, मेरठ। आठ साल पहले विशाल की मुलाकात डाली से हुई थी। दोनों ने साढ़े सात साल पहले प्रेम विवाह किया था। डाली ने गांव तजपुरा में रहने से इन्कार किया तो विशाल उसे लेकर हरदेव नगर में रहने लगा। हरदेव नगर में डाली ने दो बच्चों को जन्म दिया। विवाद के चलते एक साल पहले डाली दोनों बच्चों को लेकर मायके चली गई। वहां डाली और पड़ोसी सनी की बातचीत शुरू हुई।
विशाल को शक था कि सनी, डाली को प्रेमजाल में फंसा रहा है। अपना शक दूर करने के लिए विशाल ने सनी को शराब पिलाकर नशे में सच्चाई उगलवा ली। इसके बाद उसने सनी की हत्या कर दी और अपने गांव चला गया। वहां विशाल को रातभर नींद नहीं आई। सुबह उसने अपनी मां को पूरा वाकया बताया तो परिवार वाले उसे खुद थाने लेकर पहुंचे। विशाल और सनी तीन साल से साथ काम करते थे। विशाल राजमिस्त्री था, जबकि सनी उसके साथ मजदूरी करता था।
चार भाइयों में सबसे छोटा था सनी
चार भाइयों में सबसे छोटे सनी की हत्या के बाद परिवार में कोहराम मच गया। स्वजन ने हत्यारोपित के साथ मुठभेड़ की मांग की। भाइयों का कहना था कि सोमवार शाम विशाल खुद सनी को बाइक पर बैठाकर अपने घर ले गया था। चौकी प्रभारी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि विशाल सनी से सच्चाई उगलवाना चाहता था। सच्चाई सुनने के बाद वह आपा खो बैठा और चाकू से गोदकर सनी की हत्या कर दी।