विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी में मोबाइल पर PUBG खेलने के दौरान 22 साल के युवक की फटी दिमाग की नस, इलाज के दौरान मौत

Published: Mon, 09 Feb 2026 06:00 AM (IST)

मेरठ में 22 वर्षीय मोहम्मद कैफ की ऑनलाइन पबजी गेम खेलते समय ब्रेन हेमरेज से मौत हो गई। खैरनगर निवासी ...और पढ़ें

मोहम्मद कैफ का फाइल फोटो

मोहम्मद कैफ का फाइल फोटो

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, मेरठ। मोबाइल पर ऑनलाइन गेम खतरनाक के साथ अब जानलेवा बन गया है। गाजियाबाद में ऑनलाइन कोरियन ड्रामा गेम के चक्कर में फंसकर तीन बहनों के भारत सोसायटी की नौवीं मंजिल से कूदने की चर्चा अभी शांत भी नहीं हुई थी कि मेरठ में 22 वर्षीय मोहम्मद कैफ की मौत ने लोगों को डरा दिया।

खैरनगर के गूलर वाली गली निवासी प्रॉपर्टी डीलर के बेटे कैफ को ऑनलाइन पबजी गेम खेलते हुए ब्रेन हेमरेज हो गया। वह बेहोश होकर गिरा तो उसे अस्पताल ले जाया गया। गंभीर हालत देख उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया। सफदरजंग अस्पताल में दो दिन चले उपचार के दौरान कैफ ने रविवार सुबह दम तोड़ दिया। इससे सनसनी फैल गई।

रोते बिलखते कैफ का शव लेकर स्वजन घर पहुंचे तथा शाम को उसे सिपुर्द-ए-खाक किया गया। कैफ घर का इकलौता बेटा था।

दिल्ली गेट के खैरनगर गूलर वाली निवासी मोहम्मद फारुख प्रॉपर्टी डिलिंग का काम करते हैं। बेटा कैफ उनके काम में हाथ बंटाता है। फारुख ने बताया कि शुक्रवार को कैफ ऑफिस में बैठा मोबाइल पर ऑनलाइन गेम पबजी खेल रहा था। उसने कान में लीड लगा रखी थी।

अचानक कैफ बेहोश होकर नीचे गिर गया। ऑफिस में बैठे लोगों ने उसे उठाया और उन्हें सूचना दी। वह उसे लेकर निकटवर्ती डाक्टर के पास गए। वहां उसका बीपी चेक किया गया तो वह 300 से ज्यादा था। तत्काल कैफ को होप नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों हालत नाजुक देख उसे तत्काल रेफर कर दिया।

स्वजन उसे लेकर दिल्ली पहुंचे तथा सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने बताया कि ब्लडप्रेशर बढ़ने से उसके दिमाग की नस फट गई है। अंदर रक्तस्राव हो रहा है। यहां दो दिन तक कैफ को बचाने का प्रयास चलता रहा। रविवार सुबह कैफ ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

फारुख ने बताया कि कैफ को ब्लड प्रेशर की समस्या थी। दस साल पहले भी उसका बीपी बेहद ज्यादा हो गया था। तभी से उसका नियमित रूप से उपचार चल रहा था। माना जा रहा है कि ऑनलाइन पबजी गेम खेलते हुए कैफ का ब्लडप्रेशर बढ़ा ओर ब्रेन हेमरेज हो गया। स्वजन ने बताया कि कैफ मोबाइल पर ज्यादा सक्रिय रहता था।

ऑनलाइन गेम के साथ ही वह वीडियो रील बनाता रहता था। अधिकांश मोबाइल पर सक्रिय रहने से उसे रोका जाता था लेकिन वह मानता नहीं था। कैफ के एक बहन है। स्वजन ने गेम की ज्यादा जानकारी देने व बातचीत से मना कर दिया। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।

आसपास के लोग स्वजन को सांत्वना देते रहे। इस बारे में जब इंस्पेक्टर देहली गेट से जानकारी का प्रयास किया गया तो उन्होंने कोई जानकारी व सूचना से इन्कार किया।