विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ में खौफनाक वारदात, प्रेमी ने प्रेमिका के 6 माह के बेटे की हत्या कर शव नाले में फेंका

Published: Sat, 01 Aug 2026 02:24 AM (IST)

प्रेमी ने शादीशुदा प्रेमिका के छह माह के बेटे की हत्या कर शव नाले में फेंक दिया और प्रेमिका को अपने घर ले गया।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. प्रेमी ने प्रेमिका के छह माह के बेटे की हत्या की।

  2. बच्चे का शव मेरठ के नाले में मिला, पहचान हुई।

  3. आरोपी प्रेमी विशाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज।

जागरण संवाददाता, मेरठ। प्रेमी ने शादीशुदा प्रेमिका के छह माह के बेटे की हत्या कर शव नाले में फेंक दिया। इसके बाद प्रेमिका को लेकर अपने घर चला गया। 14 दिन बाद पति महिला को अपने घर ले आया, लेकिन बच्चा नहीं मिला। पूछताछ में महिला ने बच्चा प्रेमी के दोस्त के घर होने की बात कही।

शुक्रवार को पति ने 13 जुलाई को नाले में मिले शव की पहचान अपने बेटे के रूप में की। पति की तहरीर पर सहारनपुर में प्रेमी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। 12 जुलाई को सहारनपुर निवासी इमरान के बेटे साहिल का शव मेरठ में मिला था।

इमरान ने पुलिस की मदद से अपनी पत्नी शबाना को ढूंढा। इसके बाद शबाना ने बेटे की हत्या का राज खोला। इमरान पंजाब की एक राइस मिल में काम करता है। उसकी शादी शबाना से हुई थी। शबाना की इंस्टाग्राम पर हापुड़ निवासी विशाल कुमार से तीन माह पहले दोस्ती हुई थी। दोनों में बातचीत बढ़ी और उन्होंने साथ रहने का निर्णय किया।

12 जुलाई को शबाना दवा लाने का बहाना बनाकर छह माह के बेटे साहिल के साथ घर से निकली। रास्ते में उसे विशाल मिला। विशाल ने शबाना से साहिल को ले लिया और अपने दोस्त के पास छोड़ने की बात कही। अगले दिन पुलिस ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराया, लेकिन पहचान नहीं हुई।

घर लौटे इमरान ने पत्नी की गुमशुदगी दर्ज कराई तो गंगोह पुलिस ने शबाना के मोबाइल की लोकेशन जुटाई। इसके बाद इमरान शबाना को अपने साथ ले आया। शबाना ने बच्चा विशाल के दोस्त के पास होने की बात कही।

वह मेरठ पहुंचा तो बच्चे की हत्या की बात पता चली। इमरान ने कपड़े और फोटो से बच्चे की पहचान की। एडीजी जोन भानु भास्कर का कहना है कि बच्चे की हत्या का मामला गंभीर है। गंगोह थाने में मुकदमा दर्ज है। आरोपित जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मेरठ और सहारनपुर के एसएसपी को कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें- मेरठ में 3.60 करोड़ का बड़ा फ्रॉड: पार्टनरशिप के नाम पर परिवार के तीन लोगों ने अमरोहा के बिल्डर का बैंक खाता किया खाली

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।