विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

AI, स्मार्ट सिंचाई और ड्रोन तकनीक से बदलेगी खेती की तस्वीर; मेरठ में शुरू हुए कृषि मेले में उमड़े किसान और अन्य लोग

By Sanjeev Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Mon, 02 Nov 2026 06:43 PM (IST)

Meerut News: मेरठ के सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय किसान मेला शुरू हुआ, जहां एआई, स्मार्ट सिंचाई ...और पढ़ें

कृषि विश्वविद्यालय में कृषि मेले में लगे स्टाल। जागरण

कृषि विश्वविद्यालय में कृषि मेले में लगे स्टाल। जागरण

HighLights

  1. कृषि मेले में 140 स्टालों पर सजा आधुनिक कृषि का संसार।

  2. किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों की जानकारी।

जागरण संवाददाता, मेरठ। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), स्मार्ट सिंचाई, ड्रोन और डिजिटल तकनीक के जरिए खेती को नई दिशा देने की तैयारी है। परंपरागत कृषि पद्धतियों को आधुनिक वैज्ञानिक नवाचारों से जोड़कर किसानों की आय बढ़ाने और उत्पादन को अधिक लाभकारी बनाने के उद्देश्य से सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में सोमवार को अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ।

विज्ञान आधारित कृषि-खुशहाल किसान विषय पर आयोजित तीन दिवसीय मेले में 140 स्टालों के माध्यम से आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों, कृषि यंत्रों और नवीन अनुसंधानों की जानकारी दी जा रही है।

कृषि विश्वविद्यालय के मैदान में आयोजित प्रदर्शनी एवं मेले में कृषि क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न कंपनियों, संस्थानों और किसान उत्पादक संगठनों ने अपने स्टाल लगाए हैं। कृषि यंत्रों के नौ, आइसीएआर के सात, सीएसआर कंपनियों के नौ, कृषि आदान उपलब्ध कराने वाली कंपनियों के 14 तथा किसान उत्पादक कंपनियों के 15 स्टाल लगाए गए हैं।

इसके अलावा विश्वविद्यालय के 20 कृषि विज्ञान केंद्रों ने भी स्टाल लगाए हैं। निदेशक प्रसार डा. सत्येंद्र खारी ने बताया कि पहले दिन मेले में छह हजार से अधिक किसानों ने प्रतिभाग किया। विश्वविद्यालय की ओर से छह लाख रुपये से अधिक की कृषि किट की बिक्री भी की गई। किसानों ने विभिन्न स्टालों का भ्रमण कर आधुनिक कृषि उपकरणों, उन्नत तकनीकों और खेती की नई पद्धतियों के बारे में जानकारी की।

कृषि विचार गोष्ठी एवं चौपाल भी लगी, जिसमें रबी फसलों की खेती, रोग प्रबंधन, कीट नियंत्रण, फलोत्पादन की तकनीक, पशुपालन तथा पशु प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने जानकारी दी। किसानों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनका विज्ञानियों ने समाधान बताया। मेले में श्वान प्रदर्शनी, फल-फूल और शाकभाजी प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया। कुलपति डा. त्रिवेणी दत्त ने विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया।

कृषि मंत्री करेंगे आज मेले का उदघाटन

डा. आरएस सेंगर ने बताया कि मंगलवार को सुबह 11 बजे मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही मेले का उदघाटन करेंगे। जिसमें राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख सहित कृषि शिक्षा, अनुसंधान एवं उत्पादन क्षेत्र से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। साथ ही आज मेले में मंडलीय रबी गोष्ठी का भी आयोजन होगा।

प्रदर्शनी में इन क्षेत्रों की झलक

  • कृषि यंत्र एवं आधुनिक उपकरण
  • उन्नत बीज और कृषि आदान
  • जैविक एवं प्राकृतिक खेती
  • फल-फूल और शाकभाजी उत्पादन
  • पशुपालन एवं पशु प्रबंधन
  • स्मार्ट सिंचाई और डिजिटल कृषि

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।