विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ: छोटे भाई की मौत के 4 दिन बाद बड़े भाई की हादसे में मौत, अन्य दुघर्टना में पिता-पुत्री की मौत

By Vinod Phogat Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sat, 28 Nov 2026 12:51 PM (IST)

Meerut News: मेरठ में दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जिसमें मवाना रोड पर कार-बाइक भिड़ंत में पिता-पुत्री शामिल हैं। एक अन्य घटना में मेरठ-करनाल हाईवे पर बाइक सवार की भी जान चली गई। उनके भाई की चार दिन पूर्व मौत हो गई थी।

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. मवाना रोड पर कार-बाइक भिड़ंत में पिता-पुत्री की मौत।

  2. मेरठ-करनाल हाईवे पर एक बाइक सवार की भी मौत।

जागरण संवाददाता, मेरठ। मेरठ-करनाल हाईवे पर रिठाली चौराहे के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। टक्कर के बाद कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

छुर गांव निवासी 45 वर्षीय रणधीर पुत्र दलवीर गाजियाबाद में नौकरी करते थे। शुक्रवार को वह बाइक से घर लौट रहे थे। सरूरपुर थाना क्षेत्र में रिठाली चौराहे के पास शामली की ओर से आ रही कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। रणधीर उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें सीएचसी ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे में शामिल कार को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया गया। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि रणधीर के 40 वर्षीय भाई कुलदीप की चार दिन पहले बीमारी के चलते मौत हो गई थी। परिवार इस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि सड़क हादसे में रणधीर की भी जान चली गई। चार दिन में दो भाइयों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। रणधीर की बेटी की शादी एक महीने बाद होनी थी और घर में तैयारियां चल रही थीं। हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। रणधीर की मौत के बाद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

कार और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में पिता और बेटी की मौत

मेरठ। मवाना रोड पर गांव नंगली ईशा के सामने कार और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में पिता और बेटी की मौत हो गई, जबकि चचेरा भाई और एक बेटी घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को गंगानगर स्थित सूर्या अस्पताल में भर्ती कराया। कार चालक को हिरासत में लेकर कार कब्जे में ली गई है।

इंचौली थाना क्षेत्र के किशोरीपुर गांव निवासी 28 वर्षीय छोटू वेल्डिंग का काम करते थे। शुक्रवार रात वह अपने चचेरे भाई 24 वर्षीय अभिषेक और बेटियों आठ वर्षीय परी व छह वर्षीय पलक के साथ बाइक से शादी समारोह से घर लौट रहे थे। गांव नंगली ईशा के सामने सर्विस रोड पर विपरीत दिशा से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। चारों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

हादसे के बाद चालक ने कार लेकर भागने की कोशिश की, लेकिन राहगीरों ने उसे पकड़कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परी को मृत घोषित कर दिया। छोटू की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

थाना प्रभारी करमवीर सिंह ने बताया कि छोटू ने हेलमेट नहीं पहना था। अभिषेक और पलक का सूर्या अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी हालत स्थिर है। आरोपित चालक अभिषेक जाटव, निवासी पुठा हुसैन, पिलखुआ को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोनों शव मोर्चरी भेज दिए गए हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।