विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गर्म कचौरी देने पर युवक ने मांगी और गर्म... बस; हो गया हंगामा व मारपीट, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी

By Vinod Phogat Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Tue, 06 Oct 2026 05:40 AM (GMT+05:30)

मेरठ में एक युवक ने गर्म कचौरी न मिलने पर अपने दोस्तों के साथ मिलकर दुकानदार पिता-पुत्र से मारपीट की ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)

(प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. गर्म कचौरी न मिलने पर आराेपित युवक ने किया हमला।

  2. आरोपित ने दोस्तों संग मिलकर दुकान में तोड़फोड़ की।

  3. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, आरोपी गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, मेरठ। एक युवक ने गर्म कचौरी न देने पर दोस्तों संग मिलकर दुकानदार पिता-पुत्र के साथ मारपीट कर दी। आरोपितों ने दुकान में तोड़फोड़ कर पूरा सामान बिखेर दिया। लोगों ने एक आरोपित को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया।

लिसाड़ी गेट के अहमदनगर गली नंबर-19 निवासी अशफाक की पास की गली नंबर-16 में कचौरी की दुकान है। दुकान पर अशफाक के साथ उसका बेटा सहरोज व सावेज भी बैठते हैं। अशफाक ने बताया कि सोमवार सुबह श्यामनगर निवासी सावेज उनकी दुकान पर कचौरी खाने आया। सावेज ने गर्म कचौरी मांगी तो उन्होंने उसे गर्म दे दी। इसके बाद वह और अधिक गर्म कचौरी मांगने लगा।

उन्होंने इससे अधिक कचौरी देने से मना कर दिया। जिसके बाद वह गाली-गलौज करते हुए चला गया। कुछ देर बाद सावेज अपने 10-12 दोस्तों के साथ दोबारा से दुकान पर आया और मारपीट शुरू कर दी। आरोपितों ने तीनों पिता-पुत्रों से मारपीट कर दुकान में तोड़फोड़ कर दी। मारपीट होते देख वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई और आरोपित सावेज को दबोच लिया। लोगों ने सावेज की जमकर पिटाई की और पुलिस को सौंप दिया।

पुलिस ने पीड़ित अशफाक की तहरीर पर आरोपित सावेज को नामजद व अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थाना प्रभारी दलवीर सिंह का कहना है कि अज्ञात आरोपितों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।