विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुस्कान-रविता जैसी ‘किलर वाइव्स’ की लिस्ट में अंजलि-कोमल और इलमा, बैक-टू-बैक मृत्युदंड के फैसलों से बेचैन

Published: Mon, 19 Oct 2026 07:04 PM (IST)

मेरठ जेल में पति की हत्या की आरोपी महिलाओं में हालिया मृत्युदंड के फैसलों से बेचैनी बढ़ गई है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. मेरठ जेल में पति हत्या की आरोपी महिलाएं बंद।

  2. मुस्कान-रविता को मृत्युदंड से अन्य में चिंता।

  3. अंजलि, कोमल, इलमा को फैसले का डर।

जागरण संवाददाता, मेरठ। कभी प्रेमी के साथ जिंदगी बिताने के लिए पति की हत्या की साजिश रची, तो कभी अपने ही परिवार को उजाड़ने का रास्ता चुना। अब वही महिलाएं चौधरी चरण सिंह जिला कारागार की बैरक नंबर 12ए में बंद हैं।

सौरभ राजपूत और अमित कश्यप हत्याकांड में अदालत से चार दोषियों को मृत्युदंड सुनाए जाने के बाद बैरक में बंद अन्य महिला आरोपितों की चिंता बढ़ गई है। पति की हत्या के आरोपों का सामना कर रहीं अंजलि और कोमल के सामने भी अब मुकदमे के फैसले का डर सताने लगा है।

मुस्कान और रविता के अलावा जेल में अंजलि, कोमल, इलमा और गुरप्रीत कौर भी है। गुरप्रीत कौर ने प्रेमी के संग मिलकर बेटे की हत्या कर दी थी। परिवार के सदस्यों से मुलाकात के दौरान कई महिलाओं की भावनाएं उभर आती हैं।

तीन दिन में दो मृत्युदंड का फैसला

अपने किए पर पछतावा जताने वाली ये महिलाएं एक-दूसरे से भी कहती हैं कि उन्होंने खुद ही अपनी गृहस्थी उजाड़ ली। दो अदालतों ने तीन दिन के भीतर सौरभ राजपूत हत्याकांड और अमित हत्याकांड में मृत्युदंड का फैसला सुनाया।

सौरभ राजपूत हत्याकांड में पत्नी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला को फांसी की सजा सुनाई गई। तीन मार्च 2025 को सौरभ की हत्या कर शव को नीले ड्रम में रखकर सीमेंट से ढक दिया गया था। वहीं, अमित कश्यप हत्याकांड में पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को अदालत ने मृत्युदंड दिया।

17 अप्रैल 2025 को अमित की गला दबाकर हत्या की गई थी। वारदात को सांप के काटने से हुई मौत दिखाने के लिए उसके बिस्तर पर सांप छोड़ने की साजिश रची गई थी।

इन दोनों मामलों में मृत्युदंड के फैसले ने जेल में बंद अन्य महिला आरोपितों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, प्रत्येक मामले में सजा का निर्धारण अदालत साक्ष्यों, अपराध की परिस्थितियों और कानून के आधार पर करती है।

अंजलि और कोमल को फैसले की चिंता

बैरक में बंद अंजलि पर प्रेमी अजय के साथ मिलकर पति राहुल की हत्या की साजिश रचने का आरोप है। एक नवंबर 2025 को राहुल की गोली मारकर हत्या की गई थी। वहीं, कोमल पर अपनी बहन के मंगेतर गुलशन के साथ मिलकर पति नैन सिंह की हत्या कराने का आरोप है।

नैन सिंह बीएसएफ में जवान था। आरोप है कि कोमल ने अपने आभूषण गिरवी रखकर छह लाख रुपये में भाड़े के शूटरों से पति की हत्या कराई थी। यह वारदात चार अप्रैल 2026 की है।

स्कूल संचालक पति की हत्या के मामले में आरोपित प्रिंसिपल दामिनी को भी इसी बैरक में रखा गया है। आरोप है कि उसने पति को सांप से डसवाकर मरवाया। लोहियानगर की इलमा को भी इनके साथ रखा है। उसने भी प्रेमी अमन के साथ मिलकर पति तालिब की हत्या की है।

67 महिला बंदी, दो बैरकों में व्यवस्था

जिला कारागार में फिलहाल 64 महिला बंदी हैं, उनमें 19 बंदी सजायाप्ता है, जिन्हें बैरक 12ए और 12बी में रखा गया है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश शर्मा के अनुसार, कुछ महिलाओं को एक ही बैरक में रखने का उद्देश्य उन्हें भावनात्मक सहारा देना है। हाल में आए दो निर्णय के बाद अदालत की कार्रवाई को लेकर महिला बंदियों की धड़कन बढ़ गई है।

यह भी पढ़ें- फांसी की सजा सुनते ही मुस्कान ने दी बेटियों की दुहाई, जज से बोली- रहम कीजिए; साहिल रहा गुमसुम

यह भी पढ़ें- बेटा खोने का एक जैसा दर्द ... अमित की मां से मिलीं सौरभ की मां, बेटी को फांसी की सजा पर क्या बोलीं रविता की मां?