विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ की आइपीएस बेटी का रिसेप्शन 15 को, पति हैं 2021 बैच के आइएएस अधिकारी... पंचकूला में जुटेंगे दो परिवार व संबंधी

By Sushil Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 13 Nov 2026 07:53 PM (GMT+05:30)

मेरठ की बेटी और आईपीएस अधिकारी अदिति सिंह का रिसेप्शन 15 नवंबर को पंचकूला में होगा। यह समारोह उनके आईएएस ...और पढ़ें

मेरठ की आइपीएस बेटी अदिति सिंह व 2021 बैच के आइएएस अधिकारी विवेक आर्य।

मेरठ की आइपीएस बेटी अदिति सिंह व 2021 बैच के आइएएस अधिकारी विवेक आर्य।

HighLights

  1. आईपीएस अदिति का रिसेप्शन 15 नवंबर को पंचकूला में।

  2. पति विवेक आर्य 2021 बैच के आईएएस अधिकारी हैं।

  3. दोनों प्रशासनिक अधिकारी वर्तमान में पंचकूला में तैनात हैं।

जागरण संवाददाता, मोदीपुरम (मेरठ)। संघर्ष, संकल्प और सफलता की कहानी लिखने वाली मेरठ की बेटी अब प्रशासनिक सेवा में अपने पति के साथ कंधे से कंधा मिलाकर जिम्मेदारी निभा रही हैं। तीसरे प्रयास में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा उत्तीर्ण कर आइपीएस बनने वाली अदिति सिंह की शादी आइएएस अधिकारी विवेक आर्य से हुई है। नवदंपती वर्तमान में हरियाणा के पंचकूला में तैनात हैं। 15 नवंबर को पंचकूला के एक रिसार्ट में उनकी रिसेप्शन पार्टी होगी। इसमें दोनों परिवारों के रिश्तेदार, सगे-संबंधी और मित्र शामिल होकर नवदंपती को शुभकामनाएं देंगे।

मूल रूप से मवाना क्षेत्र के अलीपुर मोरना गांव निवासी डा. संजीव कुमार सिंह पिछले करीब 40 वर्षों से कंकरखेड़ा की शिवलोकपुरी में रह रहे हैं। आंबेडकर रोड पर उनका क्लीनिक है। उनकी पत्नी ज्योति सिंह सदर तहसील में वरिष्ठ लिपिक हैं। बड़ी बेटी अदिति सिंह पंचकूला में डीसीपी (डिप्टी कमिश्नर आफ पुलिस) हैं। बेटा आशीष कानपुर देहात मेडिकल कालेज से एमबीबीएस कर रहा है, जबकि छोटी बेटी आयुषी स्नातक के बाद नौकरी की तैयारी में हैं।

डा. संजीव के मुताबिक, अदिति ने वर्ष 2014 में सोफिया स्कूल से 12वीं पास करने के बाद गाजियाबाद के एके गर्ग इंजीनियरिंग कालेज से कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग की डिग्री ली। निजी क्षेत्र में नौकरी के अवसरों के बावजूद उन्होंने सिविल सेवा का लक्ष्य चुना और दिल्ली में यूपीएससी की तैयारी की। यूपीपीसीएस परीक्षा पास करने के बाद भी उन्होंने तैयारी जारी रखी। वर्ष 2021 में तीसरे प्रयास में यूपीएससी पास कर वह आइपीएस बनीं।

शुरुआत में उन्हें हिमाचल प्रदेश कैडर मिला। शादी के बाद उनका कैडर हरियाणा हो गया। फिलहाल वह पंचकूला में कानून-व्यवस्था संभाल रही हैं। अदिति का विवाह वर्ष 2021 बैच के आइएएस अधिकारी विवेक आर्य से हुआ है। हरियाणा के भिवानी जिले के बढ़रा गांव निवासी विवेक पंचकूला में एडिशनल डिप्टी कमिश्नर हैं। दोनों ने इसी वर्ष फरवरी में कुरुक्षेत्र में कोर्ट मैरिज की थी। फेम इंडिया एशिया पोस्ट की देश के 100 सर्वश्रेष्ठ पुलिस अधिकारियों की सूची में भी अदिति का नाम शामिल है। 15 नवंबर को होने वाले रिसेप्शन को लेकर मेरठ में उनके परिवार में उत्साह है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।